हिसार। मंडल स्तर पर आईजी राकेश कुमार आर्य ने नशाखोरी और सामाजिक बुराइयों के खिलाफ अभियान चलाया हुआ है। खरड़ अलीपुर की सहरावत खाप ने एलान किया है कि दहेज और नशाखोरी के खिलाफ अभियान चलाएंगे। आईजी राकेश कुमार आर्य ने कहा कि पंचायतों व खाप पंचायतों द्वारा अपने गांवों में नशा एवं अन्य सामाजिक बुराइयों के खिलाफ एकजुटता व इन बुराइयों को समाज से मिटाने के विचार व प्रयास सराहनीय कदम है।
उन्होंने कहा की समाज मे कोई भी परिवर्तन चाहे छोटा हो या बड़ा पहले विचारों के रूप में जन्म लेता है। जनमानस की चेतना एवं एकजुटता किसी भी समस्या अथवा सामाजिक बुराइयों के निदान मे सबसे कारगर हथियार है। उन्होंने कहा समाज को नई दिशा देने के लिए युवाओं का सही मार्गदर्शन जरूरी है, क्योंकि युवा ही किसी समाज अथवा राष्ट्र की सबसे बड़ी निधि है। उन्हें अनुशासित एवं चरित्रवान बनाने की दिशा मे ज्यादा से ज्यादा ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने लोगों, पंचायत व खापों से आह्वान किया कि वे समाज में समरसता का वातावरण तैयार करने के लिए आगे आएं।