जिले के सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक गांव की विवाहिता ने मंगलवार को मनरेगा मेट की ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर फंदा लगाकर जान दे दी है। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने मनरेगा मेट सुनील व उसकी पत्नी सुनीता के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत में महिला के पति ने बताया कि मंगलवार सुबह उसके ताऊ की मृत्यु हो गई। वह सब ताऊ के घर गए हुए थे। दोपहर बाद ताऊ के अंतिम संस्कार के बाद घर आकर देखा तो पत्नी कहीं दिखाई नहीं दी। चौबारे का गेट अंदर से बंद मिला। गेट तोड़कर अंदर गए तो पत्नी ने फंदा लगाया हुआ था। उसकी पत्नी मनरेगा में मजदूरी करती थी। मनरेगा मेट सुनील उसकी पत्नी का पीछा करता था और उसे ब्लैकमेल करता था।
यह पता चलने पर उसने अपनी पत्नी का मजदूरी पर जाना बंद करा दिया। फिर मनरेगा मेट ने उसकी पत्नी का अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर जबरदस्ती संबंध बनाने के लिए ब्लैकमेल करने लगा। जब उसके परिवार वाले सुनील के घर इस बारे में बातचीत करने गए तो मेट की पत्नी सुनीता ने उन्हें जाति सूचक मामले में फंसाने की धमकी दी।
इस घटनाक्रम के बाद से उसकी पत्नी कई दिनों से मानसिक रूप से परेशान चल रही थी। आखिककार उसकी पत्नी ने मेट की ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर जीवनलीला समाप्त की है। गांव के सरपंच के मुताबिक पंचायत ने करीब ढाई माह पहले विभिन्न शिकायतों पर सुनील को मनरेगा मेट के पद से हटा दिया था।
4 दिन पहले दी थी शिकायत
25 जुलाई को महिला ने बालसमंद पुलिस चौकी में आरोपी के खिलाफ शिकायत दी थी, लेकिन कार्रवाई में देरी हुई। इस पर परेशान महिला ने अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। उधर सामान्य अस्पताल में देर शाम तक महिला के शव का पोस्टमार्टम नहीं हो पाया। बुधवार को पोस्टमार्टम होने के बाद शव का अंतिम संस्कार किया जाएगा। बालसमंद चाैकी प्रभारी शेषकरण ने बताया कि मृतक के पति की शिकायत पर मनरेगा मेट सुनील और उसकी पत्नी सुनीता पर विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।