हिसार। मध्यम श्रेणी का पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से बुधवार रात से मौसम में बदलाव आएगा। इसके प्रभाव से 15 और 16 अक्तूबर को प्रदेश के नौ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवाएं चलने और छिटपुट ओलावृष्टि के आसार हैं। बारिश और पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी के बाद प्रदेशभर में तापमान गिरेगा। 17 अक्तूबर से उत्तरी जिलों में हल्के कोहरे का असर भी दिखाई दे सकता है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ का असर 15 अक्तूबर की सुबह से दिखने लगेगा। सिरसा, फतेहाबाद, कैथल, जींद, करनाल, अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर और कुरुक्षेत्र में 15 व 16 अक्तूबर को हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इस दौरान तेज हवाएं चलने और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि हो सकती है। प्रदेश के शेष हिस्सों में बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है।
20 अक्तूबर के बाद फिर बढ़ेगा तापमान
डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार, 17 अक्तूबर से दिन और रात के तापमान में गिरावट आएगी। हालांकि, 20 अक्तूबर के बाद तापमान में कुछ बढ़ोतरी हो सकती है। अक्तूबर के अंतिम सप्ताह और नवंबर के पहले सप्ताह में मौसम फिर बदलने के आसार हैं। इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
इस बार कड़ाके की सर्दी के दिन रहेंगे कम
मौसम विशेषज्ञ ने बताया कि अल नीनो के प्रभाव के चलते इस बार कड़ाके की सर्दी पड़ने की अवधि कम रह सकती है। नवंबर में हल्की सर्दी बने रहने का अनुमान है।