हवाओं की दिशा बदलने व धूप निकलने से दिन के तापमान में छह डिग्री सेल्सियस से ज्यादा की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसके साथ ही करीब 11 दिनों के बाद दिन का तापमान 16 डिग्री के पार पहुंचा। हालांकि न्यूनतम तापमान में साढ़े तीन डिग्री की गिरावट आई और यह 1.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण 3 जनवरी तक आंशिक बादल व बीच-बीच में गरज चमक व हवाओं के साथ कहीं-कहीं बूंदाबांदी या हल्की बारिश होने की संभावना है।
सुबह छाई गहरी धुंध, बाद में निकली धूप
नए साल के दिन की शुरुआत गहरी धुंध से हुई, जिससे लोगों को थोड़ी मायूसी हुई कि उनके नववर्ष के जश्न पर मौसम भारी पड़ेगा। मगर जल्द ही सूर्य देवता ने दर्शन देकर लोगों के चेहरे पर चमक लौटा दी। इसका असर यह रहा कि दिन भर सड़कों पर काफी चहल पहल रही। स्कूलों की छुट्टियां होने के कारण पार्कों में भी काफी चहल-पहल रही। हालांकि दिन ढलने के साथ ही फिर से मौसम में ठंड बढ़ गई।
पिछले दिनों का तापमान
तिथि-अधिकतम-न्यूनतम
20 दिसंबर-16.1-4.5
21 दिसंबर-14.5-8.0
22 दिसंबर-12.1-6.9
23 दिसंबर-15.6-6.8
24 दिसंबर-12.2-5.7
25 दिसंबर-12.1-4.1
26 दिसंबर-12.2-3.3
27 दिसंबर-12.7-0.3
28 दिसंबर-10.5-0.2
29 दिसंबर-10.5-0.2
30 दिसंबर-8.6-3.6
31 दिसंबर-10.2-4.5