हरियाणा में मौसम विभाग ने 7 मई तक के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश की संभावना है, जिसमें शनिवार की देर रात व उसके बाद रविवार की रात को बारिश के आसार हैं। अगले चार दिन में पश्चिम विक्षोभ के चलते आंधी चलने और बादल छाए रहने की उम्मीद है। एचएयू ने किसानों को कपास की बिजाई 7 मई तक टालने की सलाह दी है।
शुक्रवार को हुई बारिश के बाद प्रदेश में तापमान में दस डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के अध्यक्ष डॉ. एमएल खिचड़ ने बताया कि प्रदेश में जीरो से लेकर 60 एमएम तक बारिश हुई है। हिसार जिले में औसतन 26.4 एमएम बारिश हुई है। यह बारिश कपास की बिजाई के हिसाब से थोड़ी कम है।
किसानों को अभी थोड़ा इंतजार करना चाहिए। प्रदेश में 7 मई तक लगातार पश्चिम विक्षोभ सक्रिय रहेंगे। इस वजह से बारिश होने की संभावना है। शनिवार व रविवार की रात बारिश हो सकती है। इन चार दिनों में तापमान सामान्य से कम रहेगा। आसमान में बादलों का प्रभाव रहेगा, तेज आंधी चलेंगी तथा बारिश होगी।
एचएयू के कपास विभाग वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. कर्मल मलिक ने कहा कि जिन किसानों ने कपास की बिजाई के लिए तैयारी की हो उन्हें थोड़ा रुकने की सलाह दी जाती है। इस समय बिजाई करने से नुकसान के आसार हैं। अगले चार दिन में बारिश की संभावना को देखते हुए कपास की बिजाई न करें। उन्होंने कहा कि पूरे मई महीने में बीटी कॉटन की बिजाई की जा सकती है। अब तक 26.4 एमएम बारिश हो चुकी है। अगर 20 से 25 एमएम बारिश और हो जाए तो कपास के लिए काफी अच्छा होगा। बारिश की नमी से ही कपास की बिजाई हो सकेगी।