सरसौद में हाईवे पर पलटी पिकअप गाड़ी। स्रोत : सोशल मीडिया
हिसार। सरसौद गांव में नेशनल हाईवे दो सप्ताह से ज्यादा समय से जलमग्न हो रखा है। ग्रामीणाें का आरोप है कि एनएचएआई व जिला प्रशासन जलनिकासी के लिए कोई प्रबंध नहीं कर रहा है। उधर सोमवार को गांव में हाईवे से गुजरते हुए एक पिकअप गाड़ी पलट गई। हालांकि गाड़ी चालक को ग्रामीणों ने बचा लिया।
ग्रामीण मनोज, जितेंद्र, मनदीप व संदीप ने बताया कि हाईवे पर लंबे समय से जलभराव हो रखा है। इस कारण से सड़क पर बड़े बड़े गड्ढे हो रखे हैं। इन गड्ढों के कारण गाड़ी चालक हादसों का शिकार हो रहे हैं। खासकर दुपहिया वाहन चालक यहां गिरकर चोटिल हो रहे हैं। सोमवार को भी एक पिकअप गाड़ी यहां पलट गई। गनीमत यह रही कि चालक को चोट नहीं आई। जलभराव के कारण सड़कों के गड्ढों वाहन चालकों को दिखाई नहीं देते। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही यहां से पानी की निकासी नहीं करवाई गई तो यहां कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है।