हांसी के चानौत गांव में हांसी शहर के लिए बिछाई जा रही विशेष जलापूर्ति पाइपलाइन में लगाए गए टी-कनेक्शन को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। मंगलवार को इस मामले पर प्रेस वार्ता करते हुए हांसी के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने कहा कि गांव में कुछ शरारती तत्व माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हैं, जिसके कारण धरना समाप्त नहीं हो पा रहा है।
एसपी ने बताया कि धरना कमेटी की ओर से योजनाबद्ध तरीके से पाइपलाइन में अवैध रूप से टी लगाई गई थी। प्रशासन ने सोमवार देर रात कार्रवाई करते हुए पुलिस बल की मौजूदगी में टी-कनेक्शन को हटाया। इस दौरान स्थिति को नियंत्रित करने के लिए हल्का बल प्रयोग और आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए।
उन्होंने कहा कि मामले में 5 लोगों को नामजद करते हुए अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है। एसपी का आरोप है कि धरना कमेटी ग्रामीणों को गुमराह कर रही है और प्रशासन का पक्ष लोगों तक सही तरीके से नहीं पहुंच पा रहा है।
विनोद कुमार ने ग्रामीणों से अपील की वे धरना समाप्त कर प्रशासन के साथ बातचीत का रास्ता अपनाएं, क्योंकि संवाद के द्वार खुले हुए हैं। कार्रवाई रात में करने को लेकर एसपी ने कहा कि पुलिस अपनी निर्धारित रणनीति के तहत काम कर रही थी। उन्होंने कहा कि दिन के समय भीड़ अधिक होने की आशंका थी, इसलिए प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से रात में कार्रवाई की।