फोटो नंबर एचएसआर 5
राजकीय महाविद्यालय उकलाना में पांचवीं वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता संपन्न
माई सिटी रिपोर्टर
हिसार। राजकीय महाविद्यालय उकलाना में शनिवार को पांचवीं वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता संपन्न हो गई। लड़कों में बीए तृतीय वर्ष के विक्रम कुमार और लड़कियों में बीए तृतीय वर्ष की छात्रा शिवांगी ने बेस्ट एथलीट का खिताब जीता। प्रतियोगिता में 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, 800 मीटर और 1500 मीटर दौड़ के साथ-साथ लॉन्ग जंप, हाई जंप, शॉट पुट, डिस्कस थ्रो और जेवलिन थ्रो स्पर्धाएं कराई गईं।
प्राचार्य डॉ. रेखा सलूजा के मार्गदर्शन एवं खेल समिति प्रभारी डॉ. तनुजा के नेतृत्व में आयोजित खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ ध्वजारोहण और मार्च पास्ट के साथ हुआ। विद्यार्थियों ने अनुशासन और ऊर्जा का परिचय देते हुए खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया। उद्घाटन सत्र की मुख्य अतिथि मुगलपुरा की सरपंच राजपति ने कहा कि खेल जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं जो विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि राजकीय महाविद्यालय भोडियाखेड़ा के सेवानिवृत्त प्राचार्य डॉ. राजेश महत्ता ने कहा कि खेल केवल शरीर को नहीं, बल्कि मन और आत्मा को भी सशक्त बनाते हैं। विद्यार्थी जीवन में खेलकूद अनुशासन, टीम भावना और निरंतर प्रयास का प्रतीक हैं। हार या जीत से अधिक महत्वपूर्ण भागीदारी और निष्ठा होती है।
महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. रेखा सलूजा ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए आवश्यक हैं, बल्कि मानसिक और सामाजिक विकास का भी आधार हैं। प्रत्येक विद्यार्थी को जीवन में खेल भावना को अपनाना चाहिए। समारोह के अंत में विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।