दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम की विजिलेंस की आठ टीमों ने शनिवार को रतिया की दर्जनों कालोनियों और मोहल्लों में छापामारी कर बिजली चोरी के कई केस पकड़े।
टीम ने पांच दर्जन टैंपर्ड मीटरों को जब्त किया और 80 उपभोक्ता के लोड चेक करके उन्हें नोटिस थमाएं।
विजिलेंस के एडीजीपी मोहिंद्र लाल को शिकायतें मिल रही थी कि रतिया में धड़ल्ले से बिजली चोरी की जा रही है।
कुछ उपभोक्ता कुंडी लगा रहे हैं तो कई बिजली मीटरों से छेड़छाड़ कर रहे हैं। अधिकारियों ने पहले बिलों की जांच की।
इसके बाद जिन उपभोक्ताओं के बिल चार माह से कम थे, उनकी पहचान कर आठ टीमें बनाकर उनके घरों पर छापा मारा।
टीमों की अगुवाई विजिलेंस एसडीओ जोगेंद्र कुमार, जेई भीम सिंह, अनिल कुमार, हरिओम, राजेश कुमार, पवन कुमार, सुरेश कुमार ने की।
विजिलेंस टीमों के अलावा रतिया उपमंडल के अधिकारियों और जेई के नेतृत्व में भी विभिन्न टीमों ने मड़ कालोनी, अरोड़ा कालोनी, शिमलापुरी कालोनी, रामनगर कालोनी, मॉडल टाउन और अनाज मंडी में छापे मारे।
एसडीओ जोगेंद्र कुमार ने बताया कि करीब पांच दर्जन मीटर जब्त किए गए हैं।
उन्हें जांच के लिए हिसार लैब भेजा गया है।
लैब में मीटरों से छेड़छाड़ मिलती है तो जुर्माना लगाया जाएगा।
इसके अलावा 80 उपभोक्ताओं के मीटर चेक किये गये जिनका लोड निर्धारित क्षमता से ज्यादा था।
इस पर टीम ने उपभोक्ताओं को नोटिस थमा दिए। छापे की सूचना मिलते ही कई लोग अपने मकानों के ताले लगाकर गायब हो गये।