हिसार। हिसार मार्केट कमेटी के चेयरमैन नियुक्त होते सुरेंद्र सिंह बेदी का विरोध शुरू हो गया है। उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वे विधानसभा चुनाव में आदमपुर से भाजपा प्रत्याशी भव्य बिश्नोई के खिलाफ वोट मांगते नजर आ रहे हैं। वीडियो वायरल होने के साथ ही कुलदीप बिश्नोई समर्थकों ने नवनियुक्त चेयरमैन पर आरोपों की बौछार शुरू कर दी है।
वीडियो में सुरेंद्र बेदी लोगों को संबोधित करते हुए बोल रहे हैं कि सबसे पहले मैं पार्टी हाईकमान व चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा का धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने आदमपुर को एक ऐसा प्रत्याशी दिया है जो बहुत समझदार, मिलनसार व 36 बिरादरी की आवाज को उठाने वाला है। हम ये प्रण लें कि जो अपने आप को धन्ना सेठ समझते हैं और आदमपुर को अपनी गिरदावरी समझते हैं, उस गिरदावरी को तोड़ने का सही वक्त आ गया है। इसमें कोई दो राय नहीं है कि चौधरी भजनलाल ने इस हलके के लिए बहुत कुछ किया, लेकिन उनके साथ इस हलके को सजाने व संवारने में पोकरमल और रामजीलाल का भी बहुत बड़ा योगदान रहा है। आपके बीच में रामजीलाल का भतीजा चंद्रप्रकाश कांग्रेस से विधायक प्रत्याशी बनकर आए हैं। ये नहीं देखना कि ये कौन है। ये आपका भाई व हितैषी है।
भव्य बिश्नोई थोड़े अंतर से हार गए थे चुनाव
सुरेंद्र सिंह बेदी किसी समय भाजपा नेता कुलदीप बिश्नोई और नलवा विधायक रणधीर पनिहार के करीबी होते थे। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि बेहद करीबी होने के बावजूद वर्ष 2024 के विधानसभा चुनाव में सुरेंद्र सिंह ने भव्य बिश्नोई के खिलाफ प्रचार करते हुए कांग्रेस प्रत्याशी के लिए वोटों की अपील की थी। इस चुनाव में भव्य बिश्नोई थोड़े अंतर से हार गए थे।
-
जीवन भर हम चौधरी भजनलाल परिवार के साथ रहे हैं। आज भी उन्हीं के साथ हैं और उन्हीं के कारण चेयरमैन बना हूं। चौधरी कुलदीप बिश्नोई ने भी मुझे आशीर्वाद दिया है वरना कोरे कागज पर भी मेरा नाम नहीं आना था। नलवा का चुनाव तो मैंने ही संभाला हुआ था। मैं एक दिन के लिए चंद्रप्रकाश के पक्ष में वोट मांगने गया था, लोगों ने बस इसी बात को पकड़ रखा है।
- सुरेंद्र सिंह बेदी, मार्केट कमेटी चेयरमैन