भिवानी। बवानीखेड़ा निवासी 34 वर्षीय अजय दहिया ने कनाडा में रह रहे अपने भाई के पास वीडियो कॉल कर खुद को घर के अंदर फंदा लगाकर जान दे दी। वीडियो कॉल में भाई से बात करते हुए युवक ने कहा कि मेरा मरने का दिल कर रहा है। बस इतना कहते ही उसने कमरे में पंखे के हुक में रस्सी का फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली।
घटना के समय उसके घर में उसकी पत्नी और दो छोटे बच्चे भी मौजूद थे। पत्नी ने जब कमरे में पहुंचकर देखा तो उसका पति फंदे से लटक रहा है। उसके चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी वहां पहुंचे। मृतक के शव का बवानीखेड़ा पुलिस ने रविवार सुबह नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। वहीं पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान दर्ज कर इत्तफाकिया कार्रवाई की है।
बवानीखेड़ा वासी अजय दहिया अपनी पत्नी और करीब तीन साल के बेटे एवं दो माह की बेटी के साथ रहता था। वे तीन भाई-बहन हैं। उसका बड़ा भाई और इकलौती बहन का पति कनाडा में ही रह रहा है, जबकि बवानीखेड़ा में अजय अपने मामा के यहां रहता था। उसके मामा की औलाद नहीं थी, इसलिए उसे वहीं बसा दिया था। अजय कुछ माह पहले गुरुग्राम में प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था, लेकिन कोरोना की वजह से वह घर पर ही रह रहा था। उसके भाई ने अजय को कनाडा बुलाया था, जिसके लिए उसका वीजा भी लग चुका था और कनाडा जाने की तैयारी हो चुकी थी। शनिवार को अजय की मां दिल्ली अपनी बेटी के पास गई हुई थी और उसकी पत्नी चौबारे में बच्चों के साथ सो रही थी। इस दौरान रात को अजय ने वीडियो कॉल कर अपने भाई से बात की और पंखे के हुक से रस्सी का फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली।
मृतक के रिश्तेदारों ने बताया कि अजय पहले भी मरने की धमकी दे चुका था। उसे किसी तरह की कोई परेशानी भी नहीं थी। बवानीखेड़ा पुलिस थाना के जांच अधिकारी एएसआई सुरेश कुमार ने मृतक के शव का रविवार सुबह नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। वहीं परिजनों के बयान दर्ज कर इस मामले में इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की है।