सिवानी मंडी के लोहारू रोड पर रविवार देर रात एक बेकाबू टाटा 407 गाड़ी सर्दी से बचाव के लिए अलाव सेंक रहे लोगों पर जा चढ़ी। इस दौरान 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि दुकान व वहां खड़ी एक अंडा रेहड़ी का सामान मिट्टी में तब्दील हो गया।
हादसे के बाद घटना स्थल पर हड़कंप मच गया और आरोपी चालक गाड़ी को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और गाड़ी को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार घटना करीब सवा आठ बजे की है। लोहारू रोड पर रघुवीर की दुकान के सामने सर्दी से बचाव के लिए अलाव जलाई हुई थी।
यहां वार्ड 10 के ही कुछ लोग हाथ सेक रहे थे। इसी बीच तेज गति में एक टाटा 407 गाड़ी आई और अलाव सेंक रहे लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान वहां खड़ी एक अंडे की रेहड़ी पलट गई वहीं अलाव सेंक रहे 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद वारदात स्थल पर भगदड़ मच गई। दुकान मालिक रघुवीर ने भागकर अपनी जान बचाई।
इस हादसे में वार्ड संख्या 10 के रामफल, रोशन और मुंशीराम गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में सभी घायलों को उपचार के लिए यहां के सामान्य अस्पताल में दाखिल करवाया गया जहां उनकी हालात गंभीर बनी हुई है। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और गाड़ी को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। इस बारे में थाना प्रभारी अजीत सिंह से बात की गई तो उन्होंने घटना से अनभिज्ञता जाहिर करते हुए कहा कि वे चुनाव कार्यक्रम में सिवानी क्षेत्र से बाहर है।