नगर निगम के मुख्य सभागाकर में उकलाना नगर पालिका चुनाव को लेकर ड्रॉ निकालते अधिकारी।
हिसार। उकलाना नगर पालिका चुनाव के लिए महिला आरक्षित वार्डों का निर्धारण बुधवार को ड्रॉ के माध्यम से किया गया। नगर निगम कार्यालय के मुख्य सभागार में आयोजित बैठक में वार्ड 14 व 15 को एससी महिला, वार्ड 2 को बीसी-ए महिला, जबकि वार्ड 3, 4 और 12 को महिला आरक्षित घोषित किया गया।
नगर निगम के मुख्य सभागार में बुधवार को जिला नगर आयुक्त नीरज एवं एसडीएम ज्योति मित्तल की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। इसमें उकलाना नगर पालिका चुनाव में महिला आरक्षित वार्ड के लिए ड्रॉ निकाले गए। बैठक में अतिरिक्त निगमायुक्त डॉ. प्रदीप हुड्डा, सचिव संदीप शर्मा, नगर पालिका उकलाना के चेयरमैन सुशील सिंगला, पार्षद ममता गोयल, पार्षद रीतू जैन, पार्षद जसबिंद्र मौजूद रहे।
यूं निकाले गए ड्रॉ
सरकार की हिदायतों के अनुसार सबसे पहले एससी वर्ग के लिए अधिकतम जनसंख्या वाले छह वार्डों का चयन किया गया। इनमें वार्ड 10, 11, 13, 14, 15 और 16 शामिल थे। इन छह वार्डों में से पार्षद रीतू जैन और ममता गोयल ने ड्रॉ निकाला, जिसमें वार्ड 14 व 15 को एससी महिला के लिए आरक्षित किया गया। इसके बाद बीसी-ए वर्ग के लिए जनसंख्या आधार पर वार्ड 1, 2 और 3 चुने गए। इन वार्डों में से चेयरमैन सुशील सिंगला ने ड्रॉ निकाला, जिसके आधार पर वार्ड 2 को बीसी-ए महिला के लिए आरक्षित किया गया। इसके पश्चात महिला आरक्षण के लिए शेष बचे वार्ड 1, 3, 4, 5, 6, 7, 8, 9 और 12 में से तीन ड्रॉ निकाले गए। ये ड्रॉ तीनों पार्षदों द्वारा निकाले गए, जिनके आधार पर वार्ड 3, 4 और 12 को महिला आरक्षित घोषित किया गया।