हिसार। जिले के गांव सुलखनी निवासी एक बुजुर्ग महिला के साथ ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि दो महिलाओं ने उसे बातों में उलझाकर सोने के जेवर उतरवा लिए। शिकायत के आधार पर एचटीएम थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में महिला ने बताया कि वह बुधवार को टीबी अस्पताल में दवा लेने आई थी। दवा लेने के बाद दोपहर में जब वह गांव लौटने के लिए बस स्टैंड पहुंची, तो वहां दो महिलाएं मिलीं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे उसे बस में बैठा देंगी और बातचीत में उलझा लिया। इसके बाद दोनों महिलाएं उसे बस स्टैंड से बाहर ले गईं और ई-रिक्शा में बैठाकर रेलवे स्टेशन की ओर ले गईं।
रेलवे स्टेशन के पास एक पार्क में बैठाकर बातचीत के दौरान आरोपियों ने महिला की सोने की ताबीज और बुंदली उतरवा ली। इसके बाद उसे एक ऑटो में बैठाकर रवाना कर दिया। बस स्टैंड लौटने पर महिला को ठगी का अहसास हुआ। थाना प्रभारी ईश्वर सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है। ब्यूरो