हांसी। अधिवक्ता राजकुमार वत्स को डिजिटल अरेस्ट कर 1.33 करोड़ रुपये ठगने के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन दोनों आरोपियों ने भी अपने खाते में ठगी गई राशि डलवाई थी। मामले में अब तक चार आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सिरसा के शेरपुरा निवासी अमनदीप उर्फ अमन व सिसर निवासी कपिल के रूप में हुई। वहीं शनिवार को भी दो आरोपियों प्रवीन व सुनील को गिरफ्तार किया था। यह दोनों आरोपी पिता-पुत्र हैं। पुलिस ने चारों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से चारों आरोपियों को चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान आरोपियों से गहनता से पूछताछ की जाएगी। इन चारों को खातों में डलवाई गई राशि का एक प्रतिशत कमीशन मिलता था।
पुलिस की दो टीमें मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए दबिश कर रही हैं। साइबर क्राइम थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रविश कुमार ने बताया कि अधिवक्ता को डिजिटल अरेस्ट कर 1 करोड़ 33 लाख रुपये की धोखाधड़ी हुई थी। इसमें से आरोपियों ने कुछ रुपये कमीशन लेकर अपने-अपने बैंक खातों में रकम डलवाई थी।