हिसार। सेंट्रल जेल में बंद हत्या के दो आरोपियों से पुलिस ने दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जांच में खुलासा हुआ कि मोबाइल का आईएमईआई नंबर खुरचकर मिटाया गया है। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने उकलाना में अपने दोस्त से बात की थी। आरोपियों की पहचान बुड़ाक के शेखर व सीसवाल के अशोक के रूप में हुई है। अशोक एक लाख का इनामी बदमाश है और कुख्यात बदमाश विनोद पानू उर्फ काना का गुर्गा है। अशोक ने सीसवाल के सूरजभान उर्फ राजू सैनी की हत्या की थी। इसके अलावा उस पर लूट, हत्या के प्रयास के भी मामले दर्ज हैं। वहीं, आरोपी शेखर ने अपने ही गांव के युवक संदीप की गोली मारकर हत्या की थी।
जेल उप अधीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि जेल में बंद उकलाना के भैरी अकबरपुर निवासी अनूप ने फोन पर अपने दोस्त के बात की थी, जिसकी गुप्त सूचना उनको मिली थी। इसके बाद जेल में बंद उसके साथी डोगरान मोहल्ला के अविनाश उर्फ बंटी, शेखर निवासी बुड़ाक व सीसवाल के अशोक की तलाशी ली गई। तलाशी में दो मोबाइल फोन बरामद हुए। इस बारे में सिविल लाइन थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद