सिरसा। ऐलनाबाद क्षेत्र के गांव कुमथला में मंगलवार रात को एक खेत के कमरे में सो रहे दो मजदूरों पर बिहार निवासी दो मजदूरों ने डंडों से हमला कर दिया। इसमें उपचार के दौरान एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दूसरे ने भागकर जान बचाई। मामले की शिकायत ऐलनाबाद पुलिस को दी। शिकायत के आधार पर ऐलनाबाद पुलिस ने बिहार निवासी बिरजू व सिकंदर पर मामला दर्ज किया है। पुलिस ने तरसेम सिंह (40) निवासी श्रीमुक्तसर साहिब पंजाब के शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया।
मृतक के मामा भूप सिंह निवासी खारिया ने बताया कि वह और उसका 40 वर्षीय भानजा तरसेम सिंह निवासी टिब्बा कॉलोनी ओलख जिला श्रीमुक्तसर साहिब पंजाब, कुमथला गांव के राजेंद्र सिंह की 28 एकड़ जमीन 10 हिस्से पर लेकर काश्त करते हैं। मंगलवार रात करीब नौ बजे वह अपने भानजे तरसेम के साथ खेत में बने मोटर वाले कमरे में सो रहा था, इस दौरान पड़ोस के खेत में रहने वाले बिहार निवासी बिरजू व सिकंदर नामक व्यक्तियों ने उन दोनों पर डंडों से हमला कर दिया। भूप सिंह ने बताया कि उसने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। इस दौरान हमलावरों ने तरसेम को बुरी तरह से हमला कर घायल कर दिया और मौके से फरार हो गए। कुछ देर बाद जब वह लोगों को लेकर कमरे में पहुंचा तो वहां तरसेम लहूलुहान अवस्था में पड़ा हुआ था। जहां से उसे अस्पताल में ले जाया गया। जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक तरसेम मूल रूप से पंजाब के टिब्बा कॉलोनी मुक्तसर साहिब का रहने वाला था। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव को परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने भूप सिंह की शिकायत पर दो के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
छह माह पहले ही ली थी तरसेम ने हिस्से पर जमीन
तरसेम सिंह छह माह पहले ही ऐलनाबाद के गांव में आया था और राजेंद्र की जमीन हिस्से पर लेकर धान की खेती कर रहा था। मृतक के दो बेटे, दो भाई और तीन बहनें हैं। मृतक के मामा भूप सिंह ने बताया कि उनकी आपस में किसी से कोई रंजिश नहीं थी। वहीं वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए।
आरोपी है जीजा-साला
हमलावर भी गांव के ही परमजीत सिंह की जमीन की काश्त करते थे। आरोपी सिकंदर और बिरजू आपस में जीजा-साला है। स्थानीय लोगों के अनुसार रात को आरोपियों ने तरसेम के साथ बैठकर शराब पी। बाद में किसी बात को लेकर हुए झगड़े में डंडों से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
मामला दर्ज कर आरोपियों की कर दी है तलाश शुरू
थाना क्षेत्र के गांव कुमथला में खेत में मजदूर की हत्या हुई है। इस मामले में बिहार के रहने वाले 2 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
- इंस्पेक्टर राधेश्याम, थाना प्रभारी, ऐलनाबाद