हिसार। एंटी नारकोटिक्स सेल ने सोमवार को 359 ग्राम हेरोइन के साथ दो आरोपियों सदलपुर ढाणी निवासी मनीष उर्फ घोलू और सिरसा जिले के गांव गंगा निवासी अनिल कुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी बड़े स्तर पर नशे की सप्लाई करने की योजना बना रहे थे। पुलिस अब नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और हेरोइन के मुख्य स्रोत का पता लगाने में जुटी है।
पुलिस प्रवक्ता दीपक ने बताया कि एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम सोमवार को गश्त के दौरान किशनगढ़ बस स्टैंड पर मौजूद थी। इसी दौरान सूचना मिली कि एनडीपीएस एक्ट के मामलों में संलिप्त रहा मनीष उर्फ घोलू अपनी सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार में हेरोइन बेचने की फिराक में तहसील कार्यालय आदमपुर के पास खड़ा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने होटल न्यू स्वागत के सामने खड़ी संदिग्ध कार की घेराबंदी कर दो युवकों को काबू किया। पुलिस आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लेगी, ताकि नशा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों का भी खुलासा किया जा सके।