हिसार। आजाद नगर थाना पुलिस ने बुधवार को गीता कॉलोनी में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से करीब पांच लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के गहने बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजीव नगर निवासी जोगिंद्र उर्फ जॉनी और महेन्द्रा कॉलोनी निवासी टिंकू उर्फ काकू के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी जॉनी को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है, जबकि टिंकू को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
जांच अधिकारी दलबीर सिंह ने बताया कि गीता कॉलोनी निवासी आशुतोष ने अपने घर से गहने चोरी होने की शिकायत दी थी। उसने बताया कि वह 10 अक्तूबर की रात फिल्म देखने गया था और तड़के करीब तीन बजे घर लौटा तो दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। घर से सोने-चांदी के जेवर गायब थे, जिनकी कीमत लगभग पांच लाख रुपये आंकी गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया और छानबीन के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पहले भी दर्ज हैं कई चोरी के केस
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, दोनों आरोपियों पर पहले से भी कई चोरी के मामले दर्ज हैं जो अदालत में विचाराधीन हैं। पुलिस अब आरोपी जॉनी से गहन पूछताछ कर रही है ताकि अन्य वारदातों का भी खुलासा किया जा सके।