फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hisar News: राजकीय महाविद्यालय व साथ लगते क्षेत्र में गंदे पानी की निकासी न होने से परेशान लोगों ने किया रोड जाम

Wed, 05 Feb 2025 01:06 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, हिसार
विज्ञापन
विज्ञापन
हांसी। राजकीय महाविद्यालय के परिसर में तीन दिन से भरे सीवरेज के गंदे पानी से परेशान क्षेत्रवासियों व महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने बरवाला बाईपास रोड जाम किया। इस दौरान एक चालक ने छात्राओं पर कार चढ़ाने का भी प्रयास किया। विद्यार्थियों का कहना था कि जब महाविद्यालय के मैदान में मुख्यमंत्री का हेलिकॉप्टर लैंड होना हो या फिर प्रशासनिक कार्यक्रम हो तो तुरंत ही सीवरेज की सफाई हो जाती है, लेकिन आमजन की शिकायतों पर सफाई नहीं होती। लोगों ने जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों पर भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए। रोड जाम के दौरान जनस्वास्थ्य विभाग के जेई मौके पर पहुंचे। उनके आश्वासन के बाद क्षेत्रवासियों व छात्रों ने जाम खोला।
विज्ञापन

लोगों ने सुबह सवा 11 बजे से करीब एक घंटे तक रोड जाम किया। जाम के दौरान प्रशासन व जनस्वास्थ्य विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। जाम कर रहे क्षेत्रवासी राजबीर स्वामी, नवीन मेहरा, कुलदीप स्वामी, सूबे सिंह, नफे सिंह, महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने बताया कि महाविद्यालय के परिसर व क्षेत्र में गंदा पानी जमा होने व इससे आ रही बदबू से वह परेशान हैं। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय के साथ ही जनस्वास्थ्य विभाग का डिस्पोजल पंप है, लेकिन डिस्पोजल की मशीन 3 दिन से खराब है। साथ ही यहां पर रखा जनरेटर काफी समय से खराब है। रोड जाम की सूचना पर जेई विक्रम मौके पर पहुंचे। उन्होंने दो दिन से बिजली आपूर्ति बाधित होने की बात कही तो लोग भड़क गए। उन्होंने कहा कि बिजली आपूर्ति बाधित है तो जनरेटर चला कर काम करवाया जाए। यह जिम्मेदारी जनस्वास्थ्य विभाग की है। क्षेत्रवासियों का कहना था कि इसके कारण पेयजल की सप्लाई में भी गंदा पानी मिक्स होकर आ रहा है। जो कि पीने योग्य नहीं है। उन्होंने जल्दी ही गंदे पानी की निकासी का आश्वासन दिया। साथ ही नई मोटर व नया जनरेटर लगवाने की बात कही। इस पर लोग माने व जाम को खोला।
एनसीसी की परेड प्रभावित
छात्रों ने कहा कि जब राजकीय महाविद्यालय के मैदान में मुख्यमंत्री का हेलिकॉप्टर लैंड होना होता है या फिर गणतंत्र दिवस व अन्य कोई प्रशासनिक कार्यक्रम होते हैं तो महाविद्यालय के मैदान की तुरंत सफाई हो जाती है। यहां से सारी समस्या दूर कर दी जाती हैं, लेकिन अब प्रशासन इस पर ध्यान नहीं दे रहा है। एनसीसी के स्वयंसेवकों ने कहा कि उनका एनसीसी की 15-16 फरवरी को परीक्षा है। इसके लिए परेड की तैयारी करनी है, लेकिन मैदान में गंदा पानी जमा होने से वह तैयारी नहीं कर पा रहे हैं।
विज्ञापन

छात्राओं पर कार चढ़ाने का प्रयास
महाविद्यालय के बाहर जाम के दौरान एक कार चालक वहां से कार निकालने के दौरान छात्राओं पर कार चढ़ाने का प्रयास किया। वहां खड़ी छात्राओं ने उसे रोका। जिस पर कार चालक नहीं माना और दो बार छात्राओं को टक्कर मार कर उन्हें हटाने का प्रयास किया। छात्रों ने उसका विरोध किया तो तभी वहां खड़े पुलिसकर्मियों ने कार चालक को रोका। समझाने के बाद कार चालकों को छोड़ दिया गया।

वर्जन

मौके पर लोगों को समझा कर जाम खुलवा दिया था। डिस्पोजल पर नया जनरेटर व नई मोटर के लिए अधिकारियों से बात करेंगे। डिस्पोजल पंप का समाधान निकाला जाएगा।- विक्रम सिंह, जेई, जनस्वास्थ्य विभाग
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें