हिसार। उकलाना क्षेत्र के गांव ढाणी चहल (खैरी) निवासी कृष्ण कुमार चहल (31) की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई। बुधवार दोपहर उनका पैतृक गांव में गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया।
भाजपा नेता सुनील कुमार चहल ने बताया कि उनके चचेरे भाई कृष्ण कुमार चहल अंबाला में ट्रांसपोर्ट का कार्य करते थे। मंगलवार को वे अपने दोस्त सुरेंद्र के साथ किसी निजी कार्य से अंबाला से नोएडा जा रहे थे। यात्रा के दौरान जब वे मुरथल के पास पहुंचे, तो सुरेंद्र को थकावट महसूस हुई और उसने गाड़ी को सड़क किनारे रोक दिया। इसके बाद कृष्ण कुमार स्वयं गाड़ी चलाने के लिए साइड सीट से उतरकर ड्राइवर सीट की ओर जा रहे थे। उसी समय एक तेज रफ्तार ट्रक ने लापरवाही से आकर कृष्ण कुमार और उनकी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे में कृष्ण कुमार और सुरेंद्र दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद राहगीरों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। कृष्ण कुमार की चोटें गंभीर होने के चलते उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सोनीपत नागरिक अस्पताल में बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। बुधवार को शव परिजनों को सौंपा गया। कृष्ण कुमार शादीशुदा थे। उनकी एक वर्षीय मासूम बेटी है।