हिसार। सूर्यनगर में निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज (आरयूबी) को लेकर बुधवार को हिसार-रेवाड़ी रेलवे ट्रैक के ऊपर सभी छह गार्डर रखने का काम पूरा कर लिया गया। इसके साथ ही अंडरपास को वाहनों के आवागमन के लिए भी खोल दिया गया।
बीएंडआर को हिसार-रेवाड़ी रेलवे ट्रैक के साथ लगते पिलर पर गार्डर रखने के लिए रेलवे की तरफ से अनुमति मिली थी। इसके तहत मंगलवार सुबह नौ बजे से गार्डर रखने का काम शुरू किया गया। गार्डर रखने के दौरान कोई हादसा न हो, इसके लिए अंडरपास को आवागमन के लिए बंद कर दिया गया। हालांकि मौसम खराब होने के कारण पहले दिन दो गार्डर ही रखे जा सके। बुधवार को गार्डर रखने का काम तेजी से किया गया। दोपहर दो बजे तक बाकी बचे चार गार्डर रख दिए गए। गार्डर रखने का काम पूरा होते ही अंडरपास को वाहन चालकों के लिए खोल दिया गया। हालांकि पैदल राहगीर अंडरपास व ट्रैक के ऊपर से गुजरते रहे।
हिसार-लुधियाना रेलवे ट्रैक पर गार्डर रखना बाकी
अब हिसार-लुधियाना रेलवे ट्रैक के साथ बने पिलर पर गार्डर रखने का काम बचा है। रेलवे की अनुमति मिलने के बाद इस ट्रैक के ऊपर भी गार्डर रख दिए जाएंगे। इसके बाद इन गार्डर पर स्लैब निर्माण का काम ही बचेगा। बीएंडआर के अधिकारियों का दावा है कि मई के आखिर तक आरओबी का निर्माण कार्य पूरा कर दिया जाएगा।