फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hisar News: सिग्नल फ्री ओवल रोटरी से जाम और हादसों पर लगेगी लगाम, आईटीआई चौक से पांच दिशाओं का यातायात होगा सुगम

Wed, 08 Jul 2026 01:10 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, हिसार
विज्ञापन
विज्ञापन
हिसार। शहर के सबसे व्यस्त आईटीआई चौक पर जाम और सड़क हादसों की समस्या के स्थायी समाधान के लिए आधुनिक चैनलाइज्ड ओवल रोटरी विकसित करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इस डिजाइन पर 10 जुलाई को प्रस्तावित बैठक में अंतिम मुहर लगने की संभावना है। योजना लागू होने के बाद चौक पूरी तरह सिग्नल फ्री होगा और पांच अलग-अलग दिशाओं से आने वाला यातायात व्यवस्थित ढंग से संचालित हो सकेगा।
विज्ञापन

आईटीआई चौक को जिले की ट्रैफिक डी-कंजेशन कमेटी और सड़क सुरक्षा समिति ने हादसा संभावित क्षेत्र (ब्लैक स्पॉट) के रूप में चिह्नित किया है। चौक के आसपास औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), कई अस्पताल और घनी आबादी होने के कारण यहां दिनभर हजारों विद्यार्थियों, मरीजों और आम लोगों की आवाजाही रहती है। विशेष रूप से सेक्टर-16, 17 और तोशाम रोड की ओर से आने वाले वाहनों को यहां सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ता है।
विशेषज्ञ समिति ने चौक पर यातायात का विस्तृत अध्ययन किया। इसमें विभिन्न दिशाओं से आने वाले वाहनों की संख्या, उनके प्रकार और ट्रैफिक दबाव का आकलन किया गया। अध्ययन के आधार पर चैनलाइज्ड ओवल रोटरी का डिजाइन तैयार किया गया है। इस व्यवस्था से वाहनों के टकराव वाले बिंदु काफी कम होंगे और यातायात स्व-नियंत्रित तरीके से चलता रहेगा। इसके कारण बार-बार रुकने की आवश्यकता नहीं होगी और जाम की समस्या में भी उल्लेखनीय कमी आने की उम्मीद है।
विज्ञापन

चौक को पूरी तरह से सिग्नल फ्री रखा जाएगा
नई व्यवस्था में किसी भी दिशा में ट्रैफिक सिग्नल नहीं लगाए जाएंगे। गोलाकार रोटरी के कारण वाहन नियंत्रित गति से प्रवेश और निकास करेंगे, जिससे चालक एक-दूसरे के वाहनों को आसानी से देख सकेंगे और दुर्घटना की आशंका कम होगी।
योजना का एक महत्वपूर्ण लाभ आपातकालीन सेवाओं को भी मिलेगा। जिंदल रोड और मॉडल टाउन क्षेत्र में स्थित 16 से अधिक अस्पतालों के कारण इस मार्ग पर एंबुलेंस का आवागमन लगातार रहता है। मौजूदा व्यवस्था में जाम के कारण एंबुलेंस अक्सर फंस जाती हैं, लेकिन सिग्नल फ्री रोटरी बनने के बाद उन्हें बिना रुके अस्पतालों तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी।
पर्यावरण संरक्षण के साथ बढ़ेगी सुंदरता
रोटरी के मध्य भाग और सड़क विभाजकों में हरित क्षेत्र विकसित किए जाएंगे जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ क्षेत्र की सुंदरता भी बढ़ेगी। गोल चौराहे के निर्माण में धौलपुर या ग्रेनाइट पत्थर का उपयोग प्रस्तावित है। अधिकारियों का मानना है कि यह आधुनिक डिजाइन न केवल ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाएगा, बल्कि आईटीआई चौक को शहर के सुरक्षित और सुव्यवस्थित चौराहों में भी शामिल करेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें