फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hisar News: सीएम फ्लाइंग की रेड... रिकॉर्ड में हेरफेर, 19 पेड़ों के ठूंठ और लकड़ियां गायब

Wed, 08 Jul 2026 01:08 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, हिसार
विज्ञापन
विज्ञापन
हिसार। रोडवेज वर्कशॉप में ई-बस स्टैंड बनाने के लिए बिना अनुमति हरे पेड़ों की कटाई मामले में मंगलवार को सीएम फ्लाइंग ने पुलिस व वन विभाग के साथ मिलकर दूसरी बार छापा मारा। इस दौरान न केवल विभागीय रिकॉर्ड में भारी हेरफेर उजागर हुई बल्कि पहली जांच के दौरान चिह्नित किए सबूतों को भी गायब करने की कोशिश की गई। डिपो में काटे गए 19 पेड़ों के ठूंठ और लकड़ियां गायब मिलीं।
विज्ञापन

सीएम फ्लाइंग की हिसार इंचार्ज सुनैना ने डीएसपी विक्रमजीत सिंह भादू, हिसार के डीएफओ रोहताश बिरथल और फतेहाबाद के डीएफओ राजेश के साथ छापा मारा। सुनैना ने बताया कि जांच में सामने आया कि रोडवेज विभाग के रिकॉर्ड में सफेदे के केवल 10 पेड़ काटे जाने का उल्लेख किया गया था जबकि मौके पर 55 पेड़ों के ठूंठ मिले। रिकॉर्ड और वास्तविक स्थिति में जमीन-आसमान का अंतर पाया गया है। उन्होंने बताया कि वन विभाग को भेजे गए रिकॉर्ड और रोडवेज के दस्तावेज में भी विसंगतियां मिली हैं। वन विभाग को भेजी रिपोर्ट में रोडवेज की ओर से 40 से 50 पेड़ काटे जाने का जिक्र था जबकि मौके पर संख्या इससे कहीं अधिक मिली। एक अन्य रिकॉर्ड में दावा किया गया था कि 128 पेड़ काटे गए हैं और दो पेड़ अब भी वर्कशॉप में लगे हैं लेकिन आज एक भी पेड़ नहीं मिला। इससे जाहिर है कि ये दोनों पेड़ भी बाद में बिना अनुमति काट दिए गए।
-
पहले मिले थे 86 ठूंठ और 132 उखाड़े गए पौधे

सीएम फ्लाइंग इंचार्ज ने बताया कि इससे पहले 26 जून को रोडवेज वर्कशॉप में छापा मारा था। उस दौरान 86 पेड़ों के ठूंठ व 132 पौधे उखाड़े हुए मिले थे। इनका कोई रिकॉर्ड रोडवेज प्रशासन उपलब्ध नहीं करवा पाया। जिस कंपनी को ई-बसों के लिए स्टैंड बनाना है उसके द्वारा लकड़ी बेचने से मिली राशि भी सरकारी खाते में जमा नहीं कराई गई।
विज्ञापन

चहारदीवारी के भीतर से सबूत गायब
रोडवेज वर्कशॉप में पहली बार जब छापा मारा गया तब वन विभाग ने काटे गए पेड़ों के ठूंठ की गिनती की थी। दूसरी जांच में उनमें से 19 ठूंठ गायब मिले। वर्कशॉप परिसर के बाहर रखे ठूंठों को भी हटा दिया गया। डीएफओ रोहताश बिरथल व राजेश ने बताया कि डिपो परिसर चहारदीवारी से घिरा हुआ है और सख्त आदेश थे कि कोई भी साक्ष्य नहीं हटाया जाएगा। इसके बावजूद सबूतों का गायब होना जांच प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास है।

-
हाईकोर्ट की रोक के बावजूद काटे पेड़

पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने 1 अप्रैल 2026 को आदेश जारी कर पूरे प्रदेश में पेड़ों की कटाई पर पूर्ण रूप से रोक लगा रखी है। अप्रैल के बाद रोडवेज वर्कशॉप में पेड़ों की कटाई की शिकायत मिली थी। हमने रोडवेज विभाग को पेड़ काटने की अनुमति देने से साफ इनकार कर दिया था।
- रोहताश बिरथल, जिला वन अधिकारी, हिसार

जल्द ही जांच पूरी कर ली जाएगी
सूचना मिली थी कि रोडवेज वर्कशॉप में अवैध तरीके से पेड़ों की कटाई की गई है। इसके बाद छापे की कार्रवाई की गई थी। कुछ महत्वपूर्ण तथ्यों और रिकॉर्ड का मिलान करने के लिए टीम दोबारा जांच के लिए आई है। जल्द ही जांच पूरी कर ली जाएगी।

- विक्रमजीत सिंह भादू, डीएसपी, सीएम फ्लाइंग स्क्वॉयड, हिसार
-
उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी रिपोर्ट

दूसरी जांच में सामने आए तथ्यों का पहली जांच के रिकॉर्ड के साथ मिलान कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है जिसे उच्चाधिकारियों को भेजा जाएगा। सरकारी संपत्ति और पर्यावरण के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सीएम फ्लाइंग पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है जो भी दोषी पाए जाएंगे उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन

- सुनैना, इंचार्ज, सीएम फ्लाइंग हिसार रेंज
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें