हिसार। आदमपुर मार्केट कमेटी सचिव पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाकर व्यापारी बुधवार सुबह भी धरने पर बैठे रहे। इससे पहले मंगलवार देर रात मार्केट कमेटी की ओर से सचिव राहुल यादव, सुपरवाइजर रमेश को निलंबित कर दोनों को मार्केटिंग बोर्ड पंचकूला में अटैच करने के आदेश जारी किए। इसके अलावा सहायक सचिव निशांत को आदमपुर का सचिव नियुक्त किया गया।
दोनों आदेश के बाद बुधवार सुबह मार्केटिंग बोर्ड के नवनियुक्त सचिव निशांत सिंह व्यापारियों से मिलने धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने व्यापारियों की समस्याएं सुनीं। व्यापारियों को आश्वासन दिया कि सभी समस्याओं का समाधान करवाया जाएगा। साथ ही सचिव व सुपरवाइजर के निलंबित करने के आदेश के बारे में बताया। इस पर व्यापारियों ने धरना समाप्त कर दिया। हालांकि कुछ घंटे बाद ही मार्केटिंग बोर्ड का एक पत्र जारी हुआ, जिसमें राहुल यादव सचिव, सह-कार्यकारी अधिकारी मार्केट कमेटी आदमपुर को उसी पद पर बहाल कर दिया गया। इस पर आदमपुर व्यापार मंडल के प्रधान नवीन बेनीवाल ने कहा कि अब व्यापारियों की बैठक बुलाकर आगामी फैसला लेंगे। पूरे प्रदेश की मंडियों को बंद रखने के बारे में चर्चा भी करेंगे।