हांसी/भिवानी। अब 43 किलोमीटर लंबे हांसी-भिवानी फोरलेन पर दौड़ने वाले वाहनों को दिसंबर के बाद टोल टैक्स देना पड़ेगा। इसके लिए बवानीखेड़ा के समीप फोरलेन पर टोल प्लाजा भी तैयार किया जा रहा है। वहीं बाईपास पर 14 हाइटेंशन बिजली की लाइनों को शिफ्ट करने व रेलवे ओवरब्रिज के ऊपरी हिस्से का निर्माण कार्य लंबित है।
राष्ट्रीय राजमार्ग 148बी अथॉरिटी की करीब 802 करोड़ की इस सड़क परियोजना में दो मुख्य ओवरब्रिज के साथ करीब सात पुल और दस से अधिक अंडरपास भी तैयार किए जा रहे हैं। दिसंबर तक इस कार्य को पूरा करने की डेडलाइन भी दी गई है। भिवानी-हांसी फोरलेन का काम सर्विस रोड चौड़े किए जाने की मांग को लेकर करीब आठ माह तक बंद रखना पड़ा था।
आठ गांवों के ग्रामीणों ने आंदोलन कर दिया था। हालांकि चार किलोमीटर दायरे में अब जहां काम बंद था वहां पूरा भी हो चुका है। भिवानी-हांसी फोरलेन करीब 14 मीटर चौड़ा बनाया जा रहा है। इसके बीच में डिवाइडर बनाया गया है। गांव जाटूलुहारी, बवानीखेड़ा, सिंकदरपुर में बाईपास भी तैयार हो गए हैं। फोरलेन पर स्ट्रीट लाइट को सौलर पैनल सिस्टम से जोड़ा गया है। इससे रात के समय भी दूधिया रोशनी में सफर कर सकेंगे।
-
15 में से एक हाइटेंशन लाइन हुई शिफ्ट
हांसी-भिवानी बाईपास के निर्माण कार्य में हाइटेंशन बिजली की लाइन को शिफ्ट करने व रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण का कार्य लंबित है। बाईपास में करीब 15 हाइटेंशन बिजली की लाइन हैं, जिन्हें निर्माण से पहले शिफ्ट किया जाना है। लेकिन अभी तक यहां पर मात्र एक ही लाइन शिफ्ट हुई है। एनएचएआई की तरफ से कार्य तेजी से करने के लिए भी कहा गया है।
-
आरओबी पर कार्य लंबित
बाईपास के मार्ग में आने वाले रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) पर रेलवे लाइन के ऊपरी हिस्से का निर्माण कार्य लंबित है। यह निर्माण कार्य रेलवे की तरफ से किया जाना है। यहां पर अभी रेलवे की की तरफ से गार्डर लगा दिए गए हैं। इस पर स्लैब डालकर निर्माण कार्य लंबित है। इसके अलावा जीरो स्लॉप पर रैंप बनाने का कार्य लंबित है।
भिवानी-हांसी फोरलेन निर्माण का काम 75 फीसदी तक पूरा हो चुका है। दिसंबर तक फोरलेन बनकर तैयार हो जाएगा। बवानीखेड़ा के समीप टोल प्लाजा तैयार किया जा रहा है। तिगड़ाना मोड़ रिंग चौक के पास ही गोशाला भी निर्माण एजेंसी की तरफ से निशुल्क तैयार की जा रही है। फोरलेन के कार्य में फिलहाल कोई दिक्कत नहीं है।
-राजेश गुप्ता, मैनेजर, एनएच 148बी अथॉरिटी।