टिब्बा दानाशेर पर एक पारिवारिक झगड़े की सूचना पर मौके पर गए सब्जीमंडी चौकी पुलिस के स्टाफ पर ही हमला बोल दिया गया। हमलावर ने ईएएसआई कुलबीर व हेडकांस्टेबल अशोक को पीट दिया। पुलिस ने मारपीट करने वाले विक्की उर्फ विकास को गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार को उसे कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
हमलावर के भाई ने दी शिकायत
मामले की शिकायत हमलावर विकास के भाई सुनील ने दी थी। शिकायत में सुनील ने बताया है कि रविवार दोपहर को भाई विक्की घर पर हंगामा कर रहा था। जब उसे ऐसा करने से रोका तो उसने मारपीट करनी शुरू कर दी। विरोध किया तो वह गाली गलौच करने लगा। मामले की सूचना उन्होंने पुलिस को दे दी। सूचना पर हेड कांस्टेबल अशोक और ईएएसआई कुलबीर सिंह मौके पर पहुंचे। दोनों पुलिस वालों ने भाई विक्की को गाली गलौच और लड़ाई झगड़ा करने से रोका तो वह नहीं माना। आरोप है विक्की ने डंडों से दोनों पर हमला कर दिया। स्टाफ ने मामले की सूचना चौकी में दे दी। मौके पर एक पीसीआर भरकर स्टाफ पहुंच गया। उन्होंने विक्की को दबोच लिया और शहर थाने ले आए। पुलिस ने अभियुक्त के भाई की शिकायत पर विक्की के खिलाफ मारपीट करने, जान से मारने की धमकी देने व सरकारी काम में बाधा डालने सहित कई धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।