हिसार/मंडी आदमपुर। युवाओं को नौकरी का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह तीन गुर्गे साइबर क्राइम थाना पुलिस ने सूरत से गिरफ्तार किए हैं। पुलिस ने सूरत के सरदार नगर निवासी हिमांशु त्यागी, सुंदरम रेजिडेंसी भेस्तान निवासी सितेश गोपाल भाई, बेगमपुरा निवासी मुस्तफा इम्तियाज कापड़िया को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों को पूछताछ के बाद अदालत में पेश किया, जहां से दो आरोपियों को जेल भेज दिया गया व हिमांशु त्यागी को 6 दिन के रिमांड पर लिया गया है। आरोपियों ने हिसार के दो लोगों और मंडी आदमपुर की एक युवती के साथ धोखाधड़ी की थी।
आरोपी फर्जी वेबसाइट के माध्यम से पार्ट टाइम नौकरी या घर बैठे काम का ऑफर देकर युवाओं से नौकरी के लिए प्रार्थना पत्र ऑनलाइन लेते थे। उन्हें वेतन बताकर काम देते थे व एक महीने में कार्य पूरा करने उपरांत उनके कार्य में कमी बताकर उन्हें कहा जाता था कि आपने गलत काम किया व आपके कारण कंपनी को बहुत हानि हुई है। आपको हर्जाने के रूप में रुपये जमा करवाने होंगे अन्यथा लीगल नोटिस व केस दर्ज करवाने का भय दिखाकर रुपये ऐंठे जाते थे। जो उनका काम करने से मना करता था उन्हें कंपनी का एग्रीमेंट तोड़ने का आरोप लगा उनसे लाखों रुपये की मांग की जाती व कानूनी कार्रवाई का डर दिखाकर फर्जी खाते में रुपये डालने को कहा जाता था।
इस मामले के बाद हुई कार्रवाई
एचएयू निवासी सुनील की शिकारयत पर 9 अगस्त को साइबर क्राइम थाना पुलिस ने केस दर्ज किया था। शिकायत में आरोप लगाया था कि उसने नौकरी के लिए क्यूकर वेबसाइट पर ऑनप्वाइंट टेक्नॉलोजी कंपनी में ऑनलाइन आवेदन किया था। कंपनी ने उसे एक हजार फॉर्म भरने का काम दिया व इस काम के दौरान 18000 रुपये खाते में ट्रांसफर करने के लिए कहा था। काम समझ में न आने पर उसने मना किया तो उसके पास कॉल आई कि अगर तुम्हें काम नहीं करना तो कंपनी से किए एग्रीमेंट का उल्लंघन करने पर कोर्ट में सूरत आना पड़ेगा व 4 लाख रुपये का भुगतान करना पड़ेगा। इस प्रकार डरा धमकाकर पीड़ित से कई किश्तों में 93190 रुपये धोखाधड़ी की गई थी। आरोपियों ने इसी तरह हिसार के सुनील सैनी व मंडी आदमपुर की शिल्पी मित्तल के साथ भी 150000 की धोखाधड़ी की है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने देश में कई जगह कई युवाओं को इसी तरह चूना लगाया है।
ये हुई बरामदगी
पुलिस ने आरोपियों से 12 मोबाइल फोन, तीन एटीएम कार्ड व 9500 रुपये बरामद किए। आरोपी हिमांशु से घटना में प्रयुक्त एटीएम कार्ड व कंप्यूटर के साथ अन्य दस्तावेज बरामद किए जाने हैं। साइबर थाना पुलिस मुख्य आरोपी नितेश खवानी को भी गिरफ्तार करने के लिए दबिश दे रही है।