नारनौंद। पुलिस ने ईंट भट्ठे से ट्रैक्टर और ट्रॉली चोरी के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरीशुदा वाहन के साथ पंजाब से गिरफ्तार कर लिया है। नारनौंद थाने में तैनात एएसआई रवि कुमार ने बताया कि 10 अगस्त की रात नारनौंद-बुडाना रोड स्थित श्री बाला जी ईंट भट्ठे से ट्रैक्टर और ट्रॉली चोरी हो गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना स्तर पर विशेष जांच टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने घटनास्थल से मिले तकनीकी सुराग, आसपास के सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों से प्राप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पंजाब के बठिंडा जिले के गांव भाई रूप से आरोपी कृष्ण उर्फ सुनील, बीर सिंह उर्फ अमन, सतबीर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि तीनों पहले भी चोरी समेत अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वे ट्रैक्टर और ट्रॉली को बेचने की फिराक में थे। मंगलवार को पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
एएसआई रवि कुमार ने बताया कि जिला पुलिस अधीक्षक के स्पष्ट निर्देश हैं कि किसी भी चोरी, लूट या अन्य आपराधिक गतिविधि पर त्वरित और सख्त कार्रवाई की जाए। इस मामले में पुलिस टीम ने घटनास्थल से लेकर बरामदगी तक हर कदम पर तेजी दिखाई, जिससे वारदात का पर्दाफाश महज 72 घंटे के भीतर कर दिया गया।