चोरों ने शहर में पांच अलग-अलग जगह दिया वारदात को अंजाम
हिसार। चोरों ने शहर में पांच अलग-अलग जगह चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है। सभी मामलों में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एक मामले की शिकायत यूपी के बरेली निवासी हाल हिसार की पुरानी सब्जी मंडी चौक निवासी बबलू ने मोहल्ला डोगरान चौकी पुलिस में दी है। पुलिस को दी शिकायत में उसने बताया कि 22 अक्तूबर की रात वह परिवार सहित घर में सो रहा था। उस दौरान किसी ने उसके घर में घुसकर उसकी पत्नी के आभूषण, 11 हजार रुपये नकदी, चांदी की दो राखी चोरी कर ली।
दूसरे मामले की शिकायत नलवा की ढाणी मायापुरी निवासी गजानंद ने सदर थाने में दी है। पुलिस को दी शिकायत में उसने बताया कि खानक रोड पर उसकी बिजली की दुकान है। 23 अक्तूबर को दुकान पर गया तो दुकान के ताले टूटे मिले। सामान चेक किया तो वहां से 5 मोटर 0.5 एचपी, 6 मोटर 1 एचपी, 2 मोटर समर्सिबल 2 एचपी, 6 मोटर समर्सिबल 3 एचपी, 2 चक्की मोटर 3 एचपी, 2 मोनोब्लॉक मोटर 3 एचपी, 3 मोनोब्लॉक मोटर 7 एचपी, 2 मोनोब्लॉक मोटर 10 एचपी, 2 औपन वेल मोटर 5 एचपी, 6 मोटर सबमर्सिबल 5 एचपी, 10 मोटर सबमर्सिबल 7.5 एचपी, 6 मोटर सबमर्सिबल 10 एचपी, 3 मोटर सबमर्सिबल 12 एचपी, 7 बॉक्स नई तार, एक बॉक्स में करीब 10/12 किलो, करीब 35 किलो स्क्रैप चोरी हो चुका था। तीसरे मामले की शिकायत अर्बन एस्टेट-2 निवासी आदित्य ने सदर थाने में दी है। पुलिस को दी शिकायत में उसने बताया कि वह ठेकेदारी का काम करता है। उसने एयरपोर्ट के चारों तरफ नाला बनाने का ठेका लिया हुआ है। उसने बताया कि 23 अक्तूबर को दिल्ली रोड के साथ एयरपोर्ट की दीवार के पास नाला बनाने के लिए सरिया व शटरिंग प्लेटें रखी हुई थी। वहां से करीब 4 क्विंटल सरिया व 12 प्लेटें चोरी हो गई।
चौथे मामले की शिकायत विवेक विहार निवासी नरेश गुप्ता ने शहर थाने में दी है। पुलिस को दी शिकायत में नरेश कुमार गुप्ता ने बताया कि शनिवार को वह अपनी पत्नी शकुंतला गुप्ता के साथ बाजार से सामान खरीदने के लिए गया था। उस दौरान चौधरी मार्केट में दुकान से उसकी पत्नी चूड़ियां खरीद रही थी। इस बीच उसने अपना पर्स काउंटर पर रख दिया। कुछ देर बाद देखा तो वहां से पर्स चोरी हो चुका था। पर्स में 9 हजार रुपये नकदी, सोने का टोपस, सोने का पैंडल, पीएनबी का डेबिट कार्ड व आर्टिफिशियल ज्वैलरी थी। मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पांचवे मामले की शिकायत गांव मुकलान निवासी कर्ण सिंह गोदारा ने आजाद नगर थाने में दी है। पुलिस को दी शिकायत में उसने बताया कि मुकलान- कालवास रोड पर उसने अपने खेत में मकान बना रहा था। वहां पर 1400 किलो सरिया रखा हुआ था। 22 अक्तूबर की रात वहां से सरिया चोरी हो गया।
-