हांसी। नागरिक अस्पताल में चिकित्सकों का टोटा हो गया है। अस्पताल में तैनात चिकित्सक डॉ़ संजय वर्मा का तबादला हो गया है। वहीं सप्ताह में दो दिन ड्यूटी दे रही नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ़ ज्योति की नियुक्ति भिवानी हो गई है। साथ ही महिला रोग विशेषज्ञ ने इस्तीफा दे दिया है। यहां पर नेत्र रोग ओपीडी फिलहाल बंद हो गई है।
नागरिक अस्पताल में 11 मेडिकल ऑफिसर के पद स्वीकृत हैं। इसमें से फिलहाल पांच मेडिकल ऑफिसर यहां तैनात हैं व छह पद खाली हैं। चिकित्सकों की कमी के चलते यहां पर एमरजेंसी सेवाओं के लिए आसपास के गांवों व नारनौंद में तैनात चिकित्सकों की मदद लेनी पड़ती है। बीते सप्ताह यहां पर तैनात एमबीबीएस डॉ. संजय वर्मा का सिवानी में तबादला हो गया है। वह यहां पर स्थायी रूप से तैनात थे। वहीं नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ़ ज्योति मुख्य रूप से बवानी खेड़ा में तैनात थी। वह मंगलवार व बुधवार को यहां पर सेवाएं दे रही थीं, लेकिन उनका तबादला भिवानी हो गया जिसके चलते उनकी यहां पर दी जा रही सेवाओं को बंद कर दिया गया। ऐसे में अब नागरिक अस्पताल में नेत्र रोग ओपीडी बंद हो गई है। इसके चलते मरीजों को परेशानी होगी। उन्हें या तो हिसार के नागरिक अस्पताल जाना पड़ेगा। या फिर निजी अस्पतालों में महंगे दाम पर उपचार करवाना पड़ेगा।
अस्पताल में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत तैनात महिला रोग विशेषज्ञ डॉ़ प्रिया ने पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए इस्तीफा दे दिया है। हालांकि यहां पर कुछ दिन पहले ही महिला रोग विशेषज्ञ डॉ़ सुजाना की तैनाती हुई है। ऐसे में महिला रोग ओपीडी की सेवाएं बाधित नहीं होगी।
अस्पताल में ऑन कॉल डॉक्टर के रूप में डिलीवरी के लिए डॉ. प्रियंका खत्री व डॉ़. हितांशी से भी अनुबंध किया हुआ है। यहां जरूरत पड़ने पर इन्हें बुलाकर डिलीवरी करवाई जाती है।
अस्पताल में पांच स्थायी चिकित्सक हैं। चिकित्सकों की कमी के चलते समय-समय पर अधिकारियों को पत्र लिख कर सूचित किया जाता है। - डॉ़ राहुल बुद्धिराजा, एसएमओ, हांसी