हिसार। जिला परिषद चेयरमैन सोनू सिहाग अपने साथ दस पार्षदों और दो पार्षद प्रतिनिधियों की सीएम नायब सिंह सैनी के सामने परेड कराई और कहा कि उनकी कुर्सी पर कोई खतरा नहीं है। हमारे पास पूरा बहुमत है और तेजी से विकास कार्य कराए जाएंगे।
चेयरमैन के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने के लिए बीते दिनों सत्यवीर सिंधु की अध्यक्षता में पार्षद डीसी कार्यालय पहुंचे थे। डीसी के अवकाश पर होने के बाद एडीसी कार्यालय पहुंचे। हालांकि उनकी मुलाकात नहीं हो पाई थी। अब चेयरमैन सोनू सिहाग वार्ड 20 से पार्षद दर्शन गिरी महाराज, वार्ड 8 से वीर सिंह, वार्ड 26 से राजेंद्र चहल, वार्ड 7 से महेंद्र साहू, वार्ड 17 से मोहित मलिक, वार्ड 26 से यादवेंद्र यादव, वार्ड 28 से दिनेश श्योराण, वार्ड 3 से कर्मकेश कुंडू, वार्ड 1 से विकास सेलवाल, वार्ड 19 से ओपी मालिया, वाइस चेयरपर्सन के रीना के पति समुंद्र बूरा को लेकर सीएम के पास पहुंचे।
सिहाग ने कहा कि कई प्रोजेक्ट को लेकर सीएम नायब सिंह सैनी से बात हुई है। अब जिला परिषद के कार्यकारी अधिकारी भी नियुक्त कर दिए गए हैं। जल्द ही बैठक भी बुलाएंगे। उन्होंने कहा, विपक्ष के कुछ पार्षद षड्यंत्र करने का प्रयास कर रहे थे। वह कभी कामयाब नहीं हो पाएंगे। उधर, चेयरमैन की कुर्सी को लेकर विपक्ष में लामबंद पार्षद 25 दिसंबर के बाद फिर से रणनीति बनाएंगे।