हिसार। करीब छह महीने पहले अपनी भाभी से प्रेम विवाह करने वाले सोनू (30) ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। गांव किरतान निवासी सोनू फिलहाल अपनी पत्नी के साथ गांव लुदास में रह रहा था। पुलिस ने मृतक के चाचा के बयान पर इत्तफाकिया कार्रवाई की है। बता दें कि सोनू के चचेरे भाई संदीप ने भी सितंबर 2024 में आत्महत्या कर ली थी। इस संबंध में सोनू और उसकी पत्नी सुमन पर आत्महत्या के लिए मजबूर करने का केस दर्ज हुआ था।
पुलिस को दिए बयान में किरतान निवासी सुरेश ने बताया कि वह मजूदरी करता है। बड़े भाई संदीप की शादी तलवंडी राणा निवासी सुमन के साथ हुई थी। बाद में सुमन और संदीप के ताऊ के बेटे सोनू के बीच प्रेम प्रसंग हो गया। संदीप ने उन्हें समझाने का प्रयास किया तो सुमन, सोनू, सुमन की बहन और एक व्यक्ति ने उसे जान से मारने की धमकी दी। इस पर संदीप ने फंदा लगाकर जान दे दी थी। बाद में सुमन ने सोने से शादी कर ली और लुदास में रहने लगे। सोनू मजदूरी करता था। वीरवार को घर में पंखे के हुक में रस्सी डालकर फंदे से लटक गया। उसकी पत्नी सुमन ने पड़ोसियों की मदद से उसे नागरिक अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सदर थाना प्रभारी ईश्वर सिंह ने बताया कि सोनू के चाचा सतीश के बयान पर इत्तफाकिया कार्रवाई की है।
इंस्टाग्राम पर तीन दिन पहले डाले थी पोस्ट
सोनू ने अपनी पत्नी सुमन के साथ इंस्टाग्राम पर दोनों की जोड़ी वाला गाने के साथ पोस्ट डाली थी। तीन दिन पहले ही सोनू ने भात के कार्यक्रम की रील सोशल मीडिया पर डाली थी। इसमें सोनू व सुमन दोनों दिखाई दे रहे थे।