हिसार। पिछले चार दिनों से गर्मी और लू के थपेड़ों के कारण आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। इसके असर से नागरिक अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। अस्पताल में प्रतिदिन 150 से अधिक मरीज सिरदर्द, वायरल बुखार, उल्टी-दस्त और बदन दर्द जैसी समस्याओं को लेकर इलाज के लिए पहुंच रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, नवजात और बुजुर्ग सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। नवजातों में उल्टी और दस्त की शिकायतें आम हैं, जबकि बुजुर्गों को वायरल बुखार और शरीर में दर्द की समस्या ज्यादा हो रही है। इसके अलावा युवा वर्ग में भी सिरदर्द और थकावट की शिकायतें देखी जा रही हैं।
नागरिक अस्पताल के फिजिशियन डॉ. अजित लाठर ने बताया कि लू से बचाव के लिए लोगों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि खासकर नवजात और बुजुर्गों की प्रतिरोधक क्षमता कमजोर होती है, इसलिए उन्हें घर के अंदर ही रखें। यदि बाहर निकलना जरूरी हो तो सिर ढककर और भरपूर पानी पीकर निकलें।