हांसी। ऐतिहासिक किले के समीप बन रही किला बाजार पुलिस चौकी के निर्माण को पुरातत्व विभाग की आपत्ति के बाद रोक दिया गया है। पुरातत्व विभाग के दायरे में आने से बिना अनुमति के निर्माण कार्य किए जाने के चलते रोक लगाई गई है। विभाग ने हरियाणा पुलिस हाउसिंग कारपोरेशन को निर्माण के लिए अनुमति लेने के लिए कहा है।
पुरातत्व विभाग से अनुमति मिलने बाद ही निर्माण कार्य शुरू होगा। दरअसल किला बाजार पुलिस चौकी ऐतिहासिक किले के 200 मीटर दायर में आता है। पुरातत्व विभाग के नियमानुसार ऐतिहासिक धरोहर के 100 मीटर दायरे में निर्माण नहीं किया जा सकता। जबकि 200 मीटर दायरे में निर्माण के लिए मंजूरी लेना अनिवार्य है, लेकिन विभाग की मंजूरी के बिना है चौकी के निर्माण का कार्य चल रहा था। निगम के अधिकारियों को भी नहीं पता था कि चौकी के आसपास कोई ऐतिहासिक धरोहर है। करीब दस दिन पहले पुरातत्व विभाग के अधिकारियों ने निगम को नोटिस जारी कर अनुमति लेने के लिए कहा। विभाग की आपत्ति के बाद निगम ने काम रोक दिया है। अनुमति मिलने के बाद ही चौकी का निर्माण कार्य शुरू किया जा सकेगा। बता दें कि बीते वर्ष जुलाई महीने में चौकी को तोड़ने का काम शुरू किया गया था। चौकी को तोड़ा जा चुका है। अभी महिला थाना के भवन व पुलिसकर्मियों के पुराने क्वार्टर को तोड़ने का काम किया जा रहा है। भवन के निर्माण के चलते चौकी को ऐतिहासिक किले के समीप राजकीय पाठशाला के भवन में शिफ्ट किया गया है।
खंडहर हो गई थी चौकी
बता दें कि जिस किला बाजार की चौकी का निर्माण किया जाना है इसके पुराने भवन में वर्ष 1974 में इसमें शहर थाना था। करीब 15 वर्ष पूर्व शहर थाना को यहां से पुरानी तहसील के पास शिफ्ट किया गया था। उसके बाद यहां पर किला बाजार पुलिस चौकी बनाई गई थी। चौकी का यह भवन 50 वर्ष पुराना होने के कारण खंडहर हो गया था। इसलिए इसे नया बनाने की जरूरत थी। इस भवन में किला बाजार पुलिस चौकी के साथ महिला थाना भी था। महिला थाना को एक महीना पहले हिसार चुंगी के समीप शिफ्ट कर दिया गया था। 1.34 करोड़ रुपये की लागत से यह नया भवन बनाया जाएगा। इसके लिए हिसार की एक फर्म को टेंडर दिया गया है।
दो तल का होगा नया भवन
पुलिस चौकी के नए भवन में दो तल बनाए जाएंगे, जिसमें भूतल पर इंचार्ज कक्ष, एमएचसी कक्ष, वायरलेस कक्ष, मीटिंग कक्ष, वेटिंग कक्ष होगा। इसके अलावा प्रथम तल पर चार कमरे, एक आईओ कक्ष, रसोई घर, डाइनिंग कक्ष व अन्य कमरे होंगे।
अभी निर्माण कार्य रोका हुआ है। पुरातत्व विभाग से अनुमति ली जा रही है। अनुमति मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। - राजेश बंसल, एसडीओ, हरियाणा पुलिस हाउसिंग कारपोरेशन