हिसार। शहर में सप्लाई किया जा रहा पेयजल पीने लायक नहीं है। यही वजह है कि शहर में अब कैंपर के पानी का कारोबार बढ़ रहा है। शहर के ज्यादातर इलाकों खासकर व्यावसायिक इलाकों में कैंपर का पानी ही लोगों की प्यास बुझा रहा है। दिनों-दिन इनकी संख्या बढ़ती ही जा रही है। हालांकि एक भी कैंपर वाले ने पंजीकरण नहीं करवा रखा है। उधर संबंधित विभाग की तरफ से भी इन कैंपर वालों पर किसी तरह की सख्ती नहीं की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक शहर में फिल्टर पानी के करीब 70 सप्लायर हैं। ये सप्लायर प्रतिदिन शहर में पानी के करीब 15 हजार कैंपर सप्लाई करते हैं, जो करीब 3 लाख लीटर पानी बेचते हैं। इनमें व्यावसायिक प्रतिष्ठान से लेकर रिहायशी घर तक शामिल है। ये सप्लायर दावा करते हैं कि उनकी तरफ से सप्लाई किया जा रहा पानी पूरी तरह से फिल्टर होता है।
जमीनी पानी का भी करते हैं दोहन
कई फिल्टर पानी के सप्लायर जमीनी पानी का इस्तेमाल करते हैं और उसे आरओ की मदद से उपचारित करके बेचते हैं। चूंकि ये भूजल का इस्तेमाल व्यावसायिक कार्यों के लिए कर रहे हैं तो इन्हें संबंधित विभाग से अनुमति लेनी होती है लेकिन ज्यादातर के पास अनुमति नहीं होती।
नियमित रूप से नहीं होती सैंपलिंग
नियमानुसार जनस्वास्थ्य विभाग को इनके सैंपल लेकर जांच करवानी होती है। मगर अधिकारी नियमित रूप से फिल्टर प्लांट के सैंपल नहीं लेते। यही नहीं सैंपल पॉजिटिव आने पर कोई कार्रवाई भी नहीं की जाती। ऐसे में आम जनता के सेहत से सीधा खिलवाड़ किया जाता है।
यह कहना है लोगों का
नल का पानी बिना फिल्टर के नहीं पीया जा सकता। इस कारण से दुकान पर पानी के कैंपर मंगवाता हूं। कैंपर वाले तो यही बोलते हैं कि पानी फिल्टर वाला है।
- सुरेंद्र बजाज, व्यापारी, राजगुरु मार्केट
ऑफिस में पानी के कैंपर ही मंगवाता हूं। विभाग की सप्लाई में कई दफा दूषित पानी आता है। ऑफिस में पानी की खपत भी ज्यादा नहीं है।
- प्रवीण सिंघल, कारोबारी, सेक्टर 14
फैक्टरी में पानी के कैंपर ही मंगवाए जाते हैं। कभी कभार इनके पानी में भी हल्का खारापन सा लगता है। अब ये यही कहकर कैंपर बेचते हैं कि पानी पूरी तरह से फिल्टर किया हुआ है।
- मदनलाल, उद्योगपति, पुराना औद्योगिक क्षेत्र
काफी समय से घर में दूषित पेयजल आ रहा है। इस कारण से कैंपर के पानी का ही इस्तेमाल करती हूं। कम से कम यह पानी जनस्वास्थ्य विभाग के पानी की तरह सीवर वाला तो नहीं होता।
- बनसो देवी, गांधी नगर, वार्ड 16