बरवाला (हिसार)। पुलिस ने वीरवार को एसडीएम कार्यालय में फर्जी वाहन पंजीकरण करने वाले उचाना निवासी तत्कालीन एमआरसी प्रवीण व कंप्यूटर ऑपरेटर अतुल को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 22 जनवरी 2022 दर्ज किए गए मामले में कार्रवाई की है। मामले में ट्रांसपोर्ट कमिश्नर की ओर से डीजीपी को शिकायत भेजी गई थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को वीरवार को अदालत में पेश किया, जहां से अदालत ने उन्हें जेल भेज दिया है।
जांच अधिकारी उप निरीक्षक ललित कुमार ने बताया कि एसडीएम कार्यालय बरवाला से फर्जी तरीके से वाहन का पुन: पंजीकरण कराए जाने की शिकायत की गई थी। इस पर 22 जनवरी 2022 को संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया था। जांच के दौरान सामने आया कि फर्जी दस्तावेजों के आधार पर कई वाहनों का बरवाला एसडीएम कार्यालय में दोबारा रजिस्ट्रेशन कराया गया था। जांच के दौरान इस फर्जीवाड़े में संलिप्त पाए गए। तत्कालीन एमआरसी प्रवीण और कंप्यूटर ऑपरेटर अतुल, दोनों निवासी उचाना को गिरफ्तार कर लिया गया है। फर्जी रजिस्ट्रेशन मामले में उक्त दोनों की संलिप्तता पाई गई।