विद्युत नगर में चल रही दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम की छठी अंतर सर्कल खेलकूद प्रतियोगिता दूसरे दिन विवादों से घिर गई।
फरीदाबाद की टीम ने भेदभाव का आरोप लगाते हुए मैच बीच में ही छोड़ दिया। टीम ने बिजली निगम के आयोजन समिति के खिलाफ नारेबाजी की। शनिवार देर शाम फरीदाबाद और हिसार के बीच हुए रस्साकशी मैच एक-एक से बराबर चल रहा था।
तीसरे सेट में में रेफरी की ओर से टॉस कर पाले का चयन करने की बात कही गई। इस पर फरीदाबाद की टीम ने भेदभाव बरतने का आरोप लगाते हुए खेलने से इंकार कर दिया।
मुकाबला छोड़ आयोजकों के खिलाफ नारेबाजी शुरू दी। करीबन एक घंटे तक चले इस विरोध के बाद फरीदाबाद के एसडीओ जेपी दहिया ने खिलाड़ियों को मैच खेलने के लिए समझाया।
रविवार को नए सिरे से मैच खेलने की बात कही। कई अन्य जिलों से आई टीमों ने भी इस प्रतियोगिता का रविवार को विरोध करने की बात कही।
फरीदाबाद की टीम के खिलाड़ियों ने बताया कि आज तक कभी ऐसा नहीं हुआ है कि दो पारियों के बाद पाले के लिए अंतिम रस्साकशी के लिए टॉस हुआ है।
पाले के चयन की कोई प्रक्रिया नहीं होती है। मैच शुरू होने से पहले ही टॉस होता है। इसके बाद नियमित रूप से पाले बदलते जाते है। परंतु हिसार के आयोजन कमेटी ने नया नियम टॉस का निकाला है, जो मान्य नहीं है। हम इस तरह से खेल नहीं सकते है।
फरीदाबाद की टीम के अलावा रेवाड़ी, गुड़गांव, नारनौल, पलवल सहित सभी आठ जोनों के खिलाड़ियों ने कई तरह के आरोप आयोजन कमेटी पर लगाए।
यहां तक हिसार सर्कल से खेलने वाले खिलाड़ियों पर ड्रग्स लेने तक के गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि अगर प्रशासन को हिसार के खिलाड़ियों की हकीकत जाननी है तो खिलाड़ियों के ड्रग्स टेस्ट करवाया जाए। अधिकतर खिलाड़ी ड्रग्स लेते हुए पाए जाएंगे।
1. पिछले छह सालों से हिसार में ही क्यूं करवाई जा रही है खेलकूद प्रतियोगिता
2. खेलों की आयोजन कमेटी में हिसार के ही अधिकारियों को ही क्यूं सदस्य बनाया जाता है जबकि अन्य जोन के अधिकारियों को क्यों नहीं लिया जाता ।
3. हर साल हिसार के आयोजनकर्ता खिलाड़ियों के साथ धोखाधड़ी करते हैं तथा कई मेडल अपने नाम करते हैं। इस तरह अधिकारियों को अपनी उपलब्धियां गिनाते हैं।
4. हिसार के खिलाड़ियों को पूरी स्पोर्ट्स किट दी गई है जबकि अन्य सभी जोन के खिलाड़ियों को जूते तक नहीं दिए गए। यह पहली बार नहीं हुआ है हर बार ऐसा ही होता है।
5 . पिछले दिनों चीन में हुए खेलकूद प्रतियोगिताओं में हिसार की ओर से रस्साकशी उन खिलाड़ियों को भेजा गया, जिनका प्रदर्शन जीरा था। उस टीम में किसी भी अन्य टीम के खिलाड़ी को नहीं लिया गया ।
6. अपने आप को बेस्ट दिखाकर अपने इंक्रीमेंट को बढ़ाने की चाहत में हमेशा अन्य जगहों के खिलाड़ियों के साथ धोखाधड़ी करते हैं।
सभी जोनों के खिलाड़ियों ने कहा कि आखिरकार हिसार में ही पिछले छह सालों से ही प्रतियोगिता क्यों करवाई जा रही है। जबकि अन्य जोनों में भी कई बेहतर खेल ग्राउंड है, उन्हें मौका क्यों नहीं दिया जाता है। इसमें आयोजन कमेटी हिसार का ही पक्ष लेती है क्योंकि उन्हीं के लोग इस कमेटी में मुख्य पदों पर है।
अन्य जोन से आई टीमों के खिलाड़ियों ने कहा कि इस तरह के भेदभाव के बाद वह रविवार को होने वाली प्रतियोगिताओं में भाग नहीं लेंगे। खेल भावना से यहां पर कोई खेल नहीं खेला जाता है बल्कि भेदभाव किया जाता है।
बिजली निगम खेल आयोजन समिति के अध्यक्ष मुख्य अभियंता वाईकेवी शर्मा ने कहा कि ये एक विवाद हुआ था, जिसे शांतिपूर्वक ढंग से हल कर लिया गया है। रविवार को फिर से मैच करवाए जाएंगे।