नारनौंद। वार्ड नंबर 3 में चोरों ने एक ही मकान को चार दिन के अंतराल में तीन बार निशाना बनाया। आरोपियों ने हर बार घर का गेट तोड़कर अंदर प्रवेश किया और 49,200 रुपये नकद तथा 20 पीतल की टोंटियां चोरी कर लीं। लगातार वारदात से परिवार में भय का माहौल है। पीड़ित की शिकायत पर नारनौंद थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जांच अधिकारी सुरेंद्र कुमार के अनुसार, वार्ड-3 निवासी संजय कुमार ने पुलिस को बताया कि वह डेंटल क्लीनिक में काम करता है। 24 अगस्त को वह क्लीनिक के काम से उचाना गया था। इसी दौरान दोपहर में अज्ञात चोरों ने घर का गेट तोड़कर अंदर प्रवेश किया और 49,200 रुपये नकद व 12 पीतल की टोंटियां चोरी कर लीं।
संजय कुमार के अनुसार, 26 अगस्त को दोपहर में चोरों ने फिर घर का गेट तोड़ा और अंदर घुसकर चार पीतल की टोंटियां चोरी कर लीं। इसके बाद उसने गेट की मरम्मत करवा दी। इसके बावजूद 28 अगस्त को चोरों ने दोबारा गेट तोड़कर घर में प्रवेश किया और चार पीतल की टोंटियां चोरी कर लीं।
इस तरह तीन वारदातों में 49,200 रुपये नकद और कुल 20 पीतल की टोंटियां चोरी हुईं। संजय ने बताया कि बार-बार घर का गेट तोड़कर चोरी होने से वह और उसका परिवार भयभीत हैं। उसने आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी तथा चोरी का सामान बरामद करने की मांग की है। पीड़ित ने 15 सितंबर को नारनौंद थाने में लिखित शिकायत दी।