हिसार। सेक्टर-1 में 45 दिन पहले बनी सड़क टूटने लगी है। करीब 23 साल बाद एचएसवीपी ने इस सड़क को बनाया था। उधर, इस मामले को लेकर सेक्टरवासियों ने एचएसवीपी के अधिकारियों से शिकायत की है। साथ ही जांच करवाने व सड़क का पुनर्निर्माण करवाने की मांग की है।
सेक्टर-1 का निर्माण वर्ष 2002 में किया गया था। इसके बाद 22 वर्षों तक हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने सेक्टर की सड़कों की सुध नहीं ली। पिछले वर्ष अक्तूबर 2024 में सेक्टर-1 की सड़कों का निर्माण कार्य शुरू करवाया गया। सेक्टरवासियों की मानें तो उस समय सेक्टर की एक-दो सड़कों का निर्माण नहीं किया गया था। इसके बाद इस साल फरवरी में इन एक-दो सड़कों का निर्माण करवाया गया, जो 12 से 16 फरवरी के बीच किया गया। इस दौरान सेक्टरवासियों ने सड़क की निर्माण सामग्री की गुणवत्ता को लेकर एचएसवीपी के एक्सईएन के समक्ष सवाल उठाए थे। एक्सईएन ने मौके पर एसडीओ व जेई को भेजा था और इन अधिकारियों ने सेक्टरवासियों के सामने ठेकेदार को निर्माण गुणवत्ता सुधारने के लिए बोला भी था। बावजूद इसके यह निर्माण बेहद घटिया किस्म का हुआ है और डेढ़ माह बाद ही सड़क क्षतिग्रस्त हो गई।
सड़क मामले में सेक्टरवासियों व वेलफेयर एसोसिएशन ने विभाग के एक्सईएन व एसई को लिखित में शिकायत भेजकर जांच करवाने और दोषी के खिलाफ कार्रवाई कर सड़क का नए सिरे से निर्माण करवाने की मांग की है। -
सलाऊदीन, महासचिव, आरडब्ल्यूए, सेक्टर 1-4
सिर्फ एक घर के आगे ही सड़क टूटी है। वह भी भारी वाहन के कारण टूटी है। इसके अलावा वहां सड़क पर पानी डाला जाता है। अन्य किसी जगह से कोई शिकायत नहीं आई है। टूटी हुई सड़क को ठीक करवा दिया गया है। -
भूपेंद्र सिंह, एक्सईएन, एचएसवीपी
सेक्टर 16-17 में जल्द शुरू होगा सड़कों का निर्माण
सेक्टर 16-17 में जल्द सड़काें का निर्माण कार्य शुरू होगा। नगर निगम ने एजेंसी को वर्क ऑर्डर जारी कर दिया है। सेक्टर की सड़कों के निर्माण पर करीब 1.96 करोड़ रुपये खर्च आएगा। ये सड़कें तारकोल की बनाई जाएंगी। बता दें कि काफी समय से सेक्टर की सड़कों का निर्माण नहीं किया गया था, जिस वजह से सड़कें जगह-जगह से टूट चुकी हैं। सड़कों के टूटने से सेक्टरवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।