फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hisar News: फॉल्ट पर 25 हजार आबादी की एक साथ बत्ती नहीं होगी गुल

विज्ञापन
शिव कॉलोनी में बिजली निगम के एमडी अशोक गर्ग लोगों की समस्या सुनते हुए।
विज्ञापन
हिसार। शिव कॉलोनी के सामुदायिक केंद्र में बुधवार को बिजली संबंधी शिकायतों के समाधान के लिए शिविर लगाया गया। शिव नगर और सूर्य नगर के निवासियों ने दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) के एमडी अशोक गर्ग के समक्ष शिकायत रखीं। लोगों ने बताया कि किसी भी फॉल्ट की स्थिति में दोनों कॉलोनियों के लगभग 25 हजार आबादी की बिजली एक साथ काट दी जाती है।
विज्ञापन


इस पर संज्ञान लेते हुए एमडी ने अधिकारियों को आदेश दिए कि शिव नगर और सूर्य नगर के लिए 33 केवी की अलग-अलग लाइनें स्थापित की जाएं। साथ ही ऐसा सिस्टम विकसित किया जाए, जिससे फॉल्ट होने पर सिर्फ संबंधित गली की ही बिजली बाधित हो। शिविर में कुल 48 शिकायतें दर्ज हुईं। एमडी गर्ग ने आश्वासन दिया कि छोटी शिकायतों का समाधान 15 दिन में किया जाएगा जबकि बिजली लाइन शिफ्टिंग का कार्य तीन महीने में पूरा कर दिया जाएगा। इस मौके पर निदेशक ऑपरेशन विपिन गुप्ता, ऑपरेशन जोन हिसार के मुख्य अभियंता राजेंद्र कुमार सभरवाल, हिसार सर्कल के अधीक्षक अभियंता एफआर नकवी, अधीक्षक अभियंता एसएस कंटूरा, अधीक्षक अभियंता सीबीओ बिजेंद्र लांबा आदि मौजूद रहे।

विशेष बिजली राहत योजना लागू

प्रबंध निदेशक अशोक गर्ग का कहना है कि प्रदेश सरकार की ओर से अंत्योदय परिवारों के लिए एक जुलाई से विशेष बिजली राहत योजना लागू की गई है। इस योजना के तहत ऐसे बकायादार (डिफॉल्टर) घरेलू उपभोक्ता जिनकी वार्षिक आय एक लाख रुपये तक है और जिनकी औसत मासिक खपत 150 यूनिट तक है। वे उपभोक्ता अपने बकाया बिलों के समाधान के लिए अधिकतम 3600 रुपये तक की राशि का एकमुश्त या छह किस्त में भुगतान करके शेष राशि माफ करवा सकते हैं। विवादित बिलों के समाधान के लिए पात्र घरेलू उपभोक्ता केवल 25 प्रतिशत राशि या 3600 रुपये जो भी कम हो का भुगतान करवाकर शेष राशि माफ करवा सकता है।बिजली उपभोक्ता प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का ज्यादा से ज्यादा लाभ उठाएं।
विज्ञापन


बिजली निगम ने भेजा 47 लाख का बिल



गांव कैमरी निवासी विरेंद्र ने कहा कि साहब, बिजली निगम ने 47 लाख रुपये का बिजली बिल भेज दिया। शिकायत की तो बिजली निगम ने 3 हजार रुपये का बिल बनाकर दुरुस्त किया। अब दोबारा से 48 हजार का बिल थमा दिया है। निगम के अधिकारी सुनवाई नहीं कर रहे हैं। समाधान शिविर में आई शिकायत पर एमडी अशोक गर्ग ने पूछा कि ऐसा क्यों हुआ इसकी रिपोर्ट मुझे भेजो। इस समस्या का समाधान 24 घंटे में करो।

पेंशन से चलता है घर, कहां से भरूं इतना बिल

शिव काॅलोनी निवासी चंदो देवी ने कहा कि 12 हजार का बिजली बिल भेज दिया। हम कहां से भरेंगे एक बेटा बेरोजगार है। मेरी पेंशन से ही घर चलता है। मैं 12 हजार रुपये कहां से भरूंगी। एमडी ने आदेश दिए कि छह किस्तों में यह पैसा लिया जाए। साथ ही इनका मीटर चेक कराओ। इतना बिल क्यों आया है। अगर बिल गलत बना है तो उसे ठीक कराएं।

34,749 का बिल भेजा

गांव सातरोड निवासी राजकुमार ने बताया कि 2023 से लगातार बिजली बिल भर रहे हैं। अब बिजली निगम ने 34,749 रुपये का बकाया बिल भेज दिया। बिजली निगम के अधिकारी कह रहे हैं कि पहले आपको औसतन बिजली बिल भेज रहे थे। यह पिछले दो साल का मीटर रीडिंग के हिसाब से बिल है। राजकुमार का कहना है कि जब हर महीने 4 से 5 हजार का बिल भर रहा हूं तो अब 34,749 का बिल कहां से आ गया। एमडी ने शिकायत पर जांच के आदेश दिए।

मीटर कनेक्शन के लिए काटने पड़े चक्कर

छोटी सातरोड निवासी रमेश ने कहा कि दो महीने से मीटर कनेक्शन के लिए चक्कर लगा रहा हैं। बिजली निगम के अधिकारी समाधान के बजाय चक्कर लगवा रहे हैं। सिक्योरिटी राशि भी भरी हुई है। एमडी ने पूछा कि इस कनेक्शन में देरी क्यों हुई? आज ही यह कनेक्शन लग जाना चाहिए। अधिकारियों ने बताया कि कनेक्शन लगाने के लिए टीम को मौके पर भेज दिया गया है।

तीन साल टूटे पड़े हैं बिजली के पोल

सुखबीर ने बताया कि नारनौंद के गांव थुराना से आया हूं। तीन साल से हमारे एग्रीकल्चर फीडर के पोल टूटे हैं। जिस कारण लाइनमैन इन पर काम नहीं कर पाता। बिजली खराब होने पर हमें बहुत दिक्कत आती है। एमडी ने जल्द से जल्द खंभे बदलने के आदेश दिए। वहीं, शिव काॅलोनी निवासी जिले सिंह ने कहा कि बिजली निगम एक ही पिलर पर 30 से 40 मीटर लगा देता है। जिस मकान के सामने पिलर बाॅक्स लगा हो उसे दिक्कत होती है। एक पिलर बाॅक्स में पंजाब की तरह से 4 मीटर ही होनी चाहिए।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें