सिवानी मंडी। गांव नलोई निवासी आजाद का शव रविवार को राजस्थान के भादरा क्षेत्र की नहर से बरामद हुआ। शव की हालत क्षत-विक्षत थी और गर्दन गायब है। सिवानी पुलिस मृतक की मां के साथ मौके पर पहुंची, जिसके बाद शव की शिनाख्त हो सकी। पुलिस ने रविवार को पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया। वहीं, इस मामले में पुलिस ने राजस्थान के गांव ढंढाल से हत्या के आरोप में सुशीला और प्रमिला को गिरफ्तार किया है। दोनों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया। पुलिस अब इस हत्या की साजिश और अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच में जुटी है।
थाना प्रभारी उग्रसेन बिश्नोई ने बताया कि 14 सितंबर को मृतक की मां बाला ने थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी कि उनके बेटे आजाद का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी गई है। उन्होंने आरोप लगाया था कि 10 सितंबर को उनके बेटे का अपहरण करके शव खुर्द-बुर्द कर दिया गया। कुछ दिन पूर्व भादरा पुलिस को नहर में एक अज्ञात शव मिला, जिसकी सूचना उन्होंने सिवानी पुलिस को दी। इसके बाद सिवानी पुलिस मृतक की मां को लेकर मौके पर पहुंची, जहां शव की पहचान आजाद के रूप में हुई।
थाना प्रभारी ने बताया कि शव की गर्दन से ऊपर का हिस्सा नहीं मिला है, जिससे हत्या की आशंका गहरा गई है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आजाद पर हरियाणा और राजस्थान में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।