पाइल पर कैप के निर्माण के लिए जेसीबी से खोदाई करते हुए।
- फोटो : Hisar
हिसार। सूर्य नगर रेलवे फाटक से आज से चार पहिया वाहनों की आवाजाही पर पूरी तरह से रोक रहेगी। करीब एक माह तक चार पहिया वाहनों को महावीर कॉलोनी से होकर गुजरना होगा। हालांकि दुपहिया वाहन फाटक से होकर गुजर सकेंगे। यह व्यवस्था करीब एक माह तक लागू रहेगी। बता दें कि सूर्य नगर रेलवे फाटक पर रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण किया जा रहा है। फिलहाल रेलवे के हिस्से पर पाइल बिछाने का काम चल रहा है। वहीं बिछाई गई पाइलों पर कैप का निर्माण किया जाएगा।
72 में से बिछाई जा चुकी हैं 42 पाइल
रेलवे के हिस्से पर कुल 72 पाइल बिछाई जानी है। इनमें से अभी तक 42 पाइल बिछाई जा चुकी हैं। 6 पाइल पर एक कैप का निर्माण किया जाएगा, जिस पर एक पिलर खड़ा किया जाएगा। अब एजेंसी पाइल पर कैप का निर्माण शुरू करेगी। उधर बीएंडआर के हिस्से पर एक तरफ गार्डवाल का काम चल रहा है। एक तरफ का काम पूरा होने के बाद सेक्टर 1-4 की तरफ गार्डवाल का काम शुरू कर दिया जाएगा। अभी बीएंडआर के हिस्से में अंडरपास व गार्डर रखने का काम अभी बचा हुआ है।
अगले साल मई तक बनकर तैयार होगा ओवरब्रिज
फरवरी 2019 में इस आरओबी का निर्माण कार्य शुरू हुआ था। इसके साथ दो अंडरपास भी बनाए जाने हैं। इस पर करीब 70 करोड़ रुपये की लागत आएगी। शहर का सबसे लंबा रेलवे पुल होगा। इसकी लंबाई 1185 मीटर होगी। शुरुआत में इस प्रोजेक्ट को नवंबर 2021 तक पूरा किया जाना प्रस्तावित था। बाद में लॉकडाउन व बिजली लाइनों की देरी से शिफ्टिंग के कारण समयावधि नौ माह और बढ़ा दी गई। इसके तहत प्रोजेक्ट को अगस्त 2022 तक पूरा किया जाना था, लेकिन यह तैयार नहीं हुआ। अब इसे मई 2023 तक पूरा किया जाना है।