हिसार। सेक्टर 1-4 में शनिवार सुबह करीब 11 बजे बाइक सवार दो युवक भवन निर्माण ठेकेदार जयभगवान से 40,000 रुपये छीन ले गए। ताज्जुब है कि इस दौरान राहगीर मदद करने के बजाय तमाशबीन बने रहे। पुलिस ने दो अज्ञात लोगों पर केस दर्ज किया है। देर रात तक लुटेरों का सुराग नहीं लग सका था।
एचटीएम थाना पुलिस को दी रिपोर्ट में कृष्णा नगर निवासी जयभगवान ने बताया कि उन्होंने सेक्टर-3 में कोठी बनाने का ठेका ले रखा है। उन्हें रायपुर रोड के एक शटरिंग स्टोर संचालक को सामान के 50,000 रुपये देने थे। मानेसर में निजी कंपनी में काम करने वाले बेटे राहुल से उन्होंने पैसे भेजने को कहा। राहुल ने अपने दोस्त के हाथ शुक्रवार को पैसे भिजवाए। शनिवार सुबह करीब 11 बजे वह बाइक लेकर शटरिंग स्टोर संचालक को रुपये देने के लिए जा रहे थे।
सूर्यनगर आरओबी से उतरकर रजबाहे की पुलिया पार की थी कि उनकी बाइक की चैन उतर गई। वह बाइक को साइड में खड़ी कर चैन चढ़ाने लगे। तभी बाइक पर दो युवक आए और कहा कि ताऊ हम चैन चढ़ाने में मदद कर देते हैं। इसी बीच एक युवक ने उन्हें पकड़ लिया और दूसरे ने पेंट की जेब में रखे 40,000 रुपये निकाल लिए। इसके बाद दोनों बाइक पर सेक्टर 1-4 की तरफ भाग गए। इस घटना के बाद जयभगवान ने तत्काल कोठी मालिक लखन को वारदात की जानकारी दी। उन्होंने डायल 112 पर कॉल की तो पुलिस मौके पर पहुंची। एचटीएम थाना प्रभारी नवीन जाखड़ ने बताया कि दो अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रहे हैं। अभी लुटेरों का सुराग नहीं लगा है।
नहीं की किसी ने मदद
ठेकेदार जयभगवान ने बताया कि वारदात के समय सड़क पर लोग वाहनों में आ-जा रहे थे। बदमाश उनसे रुपये छीन रहे थे, मगर किसी राहगीर ने मदद नहीं की।