हिसार/अग्रोहा। ठसका गांव के शराब ठेके पर रविवार रात साढ़े आठ बजे कार सवार पांच बदमाश फायरिंग कर सेल्समैन से 1.60 लाख रुपये व मोबाइल फोन लूट फरार हो गए। सूचना मिलने पर ठेकेदार विजेंद्र काजला और पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सेल्समैन पुनीत की शिकायत पर ठसका गांव के हाडी, मोनी, मुकेश कुमार और दो अन्य के खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दिए गए बयान में घिराय गांव निवासी सेल्समैन पुनीत ने बताया कि वह और नारनौंद का संदीप दोनों ठसका गांव स्थित शराब ठेके पर सेल्समैन हैं। काजला गांव निवासी विजेंद्र काजला शराब ठेकेदार है। पुुनीत का कहना है कि रविवार रात साढ़े आठ बजे सफेद रंग की कार ठेके के सामने आकर रुकी। कार से पांच युवक नीचे उतरे और गेट खोलने को कहा। इस पर उनको कहा कि चाबी नहीं मिल रही है तो एक युवक ने जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। गोली पास से गुजर गई। यह देखकर संदीप ठेके से बाहर निकलकर खेतों की तरफ भाग गया। इस दौरान पांचों युवक ठेके में घुस आए और पिस्तौल तान कर गल्ले से 15 हजार और बैग से 1 लाख 45 हजार रुपये, शराब की कुछ बोतलें और मोबाइल फोन ले गए। एएसआई वजीर सिंह का कहना है कि तीन नामजद समेत पांच पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।