हिसार। एमसी काॅलोनी की सब्जी मंडी मार्केट के कार की चपेट में आने से 5 साल के ऋषि की सोमवार रात मौत होने के बाद मंगलवार को पोस्टमार्टम कराया गया। परिजनों ने कार चालक के खिलाफ शिकायत नहीं दी। पुलिस ने बच्चे के पिता उमेश के बयान के आधार पर इत्तफाकिया कार्रवाई की है। पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार दोपहर परिजनों ने बच्चे का सेक्टर 16-17 स्थित श्मशान घाट में अंतिम संस्कार किया।
अर्बन एस्टेट 2 में रहने वाले बिहार के जिला समस्तीपुर निवासी उमेश ने बताया कि सोमवार की रात उमेश की पत्नी रवीना अपने दो बच्चों आठ साल के रजनीश और पांच साल के ऋषि के साथ एमसी कॉलोनी के बाजार में खरीदारी करने के लिए गई थी। रात नौ बजे तीनों एमसी काॅलोनी की सब्जी मंडी मार्केट के पास थे। इसी दौरान ऋषि ने अपनी मां का हाथ छुड़वा लिया और वह कार की चपेट में आ गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। कार चालक व अन्य लोगों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जांच अधिकारी एएसआई प्रदीप ने बताया कि परिजनों के बयान पर इत्तफाकिया कार्रवाई कर पोस्टमार्टम के बाद शव उनके हवाले कर दिया है।