हिसार। गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय (जीजेयू) में दाखिले लेने वाले विद्यार्थियों की मांग को देखते हुए आवेदन करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 19 जून कर दी है। पहले ये 12 जून थी। जीजेयू में अंडर ग्रेजुएट और पोस्ट ग्रेजुएट में दाखिला प्रक्रिया चल रही है।
सबसे अधिक विद्यार्थियों का रुझान इंटीग्रेटेड कोर्स में दिख रहा है। अभी तक विवि में 10 हजार से ज्यादा आवेदन आ चुके हैं। इसमें बीएएलएलबी में 655, इंटीग्रेटेड बीएससी एमएससी (फिजिक्स, मैथ, केमिस्ट्री, लाइफ साइंस) में 1822, फिजियोथैरेपी में 697 आवेदन आ चुके हैं। इसके अलावा इंटीग्रेटेड बीबीए-एमबीए में 806 व बीसीए-एससीए 606 आवेदन आ चुके हैं। बीएससी एविएशन में 243, इंटीग्रेटेड बीकॉम-एमकॉम में 499 आवेदन आए हैं। जीजेयू में 93 से अधिक नियमित कोर्स चल रहे हैं। कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने बताया कि जिन विद्यार्थियों का अंतिम सेमेस्टर/वर्ष का परीक्षा परिणाम अभी लंबित है, ऐसे उम्मीदवार भी दाखिले के लिए आवेदन कर सकते हैं। निर्धारित कॉलम में ये उम्मीदवार रिजल्ट अवेटिड भर सकते हैं।
दाखिला फीस जमा करवाने की अंतिम तिथी भी 19 जून : नेट बैंकिंग, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड से व ऑनलाइन फीस जमा करने की अंतिम तिथि 19 जून है। ऑनलाइन आवेदन में अपडेट या सुधार करने की अंतिम तिथि 20 जून है। 23 जून को विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर प्रवेश पत्र उपलब्ध होंगे।
खेल व एनएसएस के टेंटेटिव वेटेज अंक 23 जून को वेबसाइट पर प्रदर्शित कर दिए जाएंगे। 24 जून तक उम्मीदवार ई-मेल से खेल व एनएसएस के टेंटेटिव वेटेज अंकों के बारे में आपत्ति दर्ज करवा सकते हैं। उन्होंने बताया कि सीटों की संख्या, महत्वपूर्ण तिथियां, आवेदन फीस, कोर्स की फीस, न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता, दाखिला प्रक्रिया आदि संबंधी सभी जानकारियां विश्वविद्यालय की वेबसाइट www.gjust.ac.in पर प्रोस्पेक्टस में उपलब्ध हैं।