हिसार। पंजाब के धुरी व लुधियाना रेलवे स्टेशनों पर चल रहे विकास कार्यों के चलते उत्तर रेलवे ने एक दिसंबर से 23 फरवरी तक हिसार-लुधियाना पैसेंजर ट्रेन को रद्द कर दिया है। एक महीने से ट्रेन रद्द होने से हजारों यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रेल यात्री वेलफेयर एसोसिएशन ने ट्रेन को जल्द बहाल करने की मांग की है।
इस संबंध में एसोसिएशन ने उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक, नई दिल्ली को पत्र भेजकर ट्रेन संचालन पुनः शुरू करने की मांग उठाई है। एसोसिएशन के अध्यक्ष आकाश, सचिव विकास सैनी, सह-सचिव अभिषेक जांगड़ा व कोषाध्यक्ष राजकुमार ने बताया कि यह ट्रेन कुल 85 दिनों के लिए रद्द की गई है।
उन्होंने कहा कि हिसार जिले व आसपास के क्षेत्रों से हजारों दैनिक यात्री इस ट्रेन से सफर करते थे, जो नौकरी, व्यापार और मजदूरी के लिए लुधियाना, धुरी व संगरूर आते-जाते हैं। ट्रेन के लंबे समय तक रद्द रहने से विशेषकर सीजन के दौरान व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ रहा है।
यात्रियों को अब कोहरे के मौसम में बसों व अन्य साधनों से यात्रा करनी पड़ रही है, जिससे असुविधा और जोखिम दोनों बढ़ गए हैं। इस रूट पर यात्रा करने वाली महिला यात्रियों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। एसोसिएशन ने ट्रेन बहाल कर यात्रियों को राहत देने की मांग की है।