हिसार में दुकान से कुट्टू के आटे के सैंपल लेते खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी व कर्मचारी।
हिसार। नवरात्रों के दौरान व्रत में इस्तेमाल होने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने विशेष अभियान शुरू किया है। इसी कड़ी में सोमवार को विभाग की टीम ने शहर की करीब 6 दुकानों का औचक निरीक्षण किया और कुट्टू आटा व सिंघाड़े के आटे के 6 सैंपल लिए। सभी सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. पवन चहल ने बताया कि नवरात्रों में व्रत से जुड़े खाद्य पदार्थों की बिक्री में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने दुकानदारों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि वे बासी या पुराना आटा न बेचें, और ग्राहकों को केवल ताजा कुट्टू व सिंघाड़े का आटा ही उपलब्ध कराएं। डॉ. चहल ने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे सिर्फ वही पैकेट खरीदें, जिन पर पैकेजिंग की तारीख, एक्सपायरी डेट और अन्य विवरण स्पष्ट रूप से दर्ज हों। वैक्यूम पैक्ड और मानक के अनुसार पैकिंग वाले उत्पादों को प्राथमिकता दें और पुराना या खुला आटा खरीदने से बचें।