हिसार। जिले में शीत लहर का प्रकोप बढ़ने लगा है। रविवार को 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं और कोहरे के कारण दिन का तापमान तीन डिग्री से अधिक गिर गया। मौसम ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ सकती है।
कोहरे का असर हवाई यातायात पर भी पड़ा। जयपुर से आने वाली एक फ्लाइट निर्धारित समय से लेट पहुंची। सुबह से छाए कोहरे के कारण दृश्यता घटकर लगभग 50 मीटर तक रह गई। दोपहर 12 बजे तक कोहरा छाया रहा, इसके बाद हल्की धूप निकली। हालांकि दोपहर तक तेज पूर्वी हवाएं चलती रहीं। शाम होते-होते ठंड ने फिर से अपना असर दिखाया। रविवार को अधिकतम तापमान 18.5 डिग्री दर्ज किया गया, जो शनिवार से 3.4 डिग्री कम था। वहीं न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री रहा, जो शनिवार की तुलना में 4.3 डिग्री अधिक था। रात का तापमान सामान्य से 3.3 डिग्री ज्यादा दर्ज किया गया।
गर्म कपड़ों की बिक्री में बढ़ोतरी
ठंड बढ़ने के साथ ही मार्केट में गर्म कपड़ों की खरीद भी बढ़ गई। रविवार को राजगुरु मार्केट में बड़ी संख्या में लोग स्वेटर, जैकेट और अन्य गर्म कपड़े खरीदते नजर आए। दुकानदारों के मुताबिक, जैसे-जैसे दिन में ठंड और बढ़ेगी, गर्म कपड़ों की बिक्री में और तेजी आने की उम्मीद है।